नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर की मौजूदगी में गुरुवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में भारत और बेल्जियम के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों का आदान-प्रदान हुआ। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों, रक्षा सहयोग, स्वच्छ ऊर्जा और मौजूदा वैश्विक हालात पर विस्तार से चर्चा की। पीएम मोदी ने बेल्जियम के प्रधानमंत्री का भारत में गर्मजोशी से स्वागत किया और कहा कि हालांकि यह उनकी पहली भारत यात्रा है, लेकिन भारत से उनका जुड़ाव काफी पुराना है।
एंटवर्प से रहा है गहरा नाता
पीएम मोदी ने कहा कि बार्ट डी वेवर लंबे समय तक एंटवर्प के मेयर रहे हैं और उन्होंने वहां बसे बड़े भारतीय समुदाय के साथ-साथ दोनों देशों के बीच होने वाले हीरा कारोबार को भी हमेशा समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि भारत और बेल्जियम के रिश्तों की जड़ें इतिहास में काफी गहरी हैं और प्रथम विश्व युद्ध के दौरान बेल्जियम में हजारों भारतीय सैनिकों के साहस और बलिदान को दोनों देशों की साझा स्मृति का अहम हिस्सा बताया।
लोकतांत्रिक मूल्य बनाते हैं स्वाभाविक साझेदार
पीएम मोदी ने कहा कि आज लोकतांत्रिक मूल्य, बाजार आधारित अर्थव्यवस्था और मजबूत जन-से-जन संबंध दोनों देशों को स्वाभाविक साझेदार बनाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि करीब 10 साल पहले उन्हें बेल्जियम की यात्रा करने का अवसर मिला था और पिछले एक दशक में दोनों देशों की साझेदारी ने कई अहम क्षेत्रों में बड़ी प्रगति की है।














