गोंडा : देश भर में मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट’ (NEET-UG) को लेकर मचे घमासान और पेपर लीक के आरोपों के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का एक बड़ा बयान सामने आया है। अपने गृह जनपद गोंडा में मीडिया से बात करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने इस पूरे मामले पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का खुलकर बचाव किया है। उन्होंने विपक्ष द्वारा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को सिरे से खारिज कर दिया।

मंत्री के इस्तीफे से पेपर लीक नहीं रुक सकता
बृजभूषण शरण सिंह ने दोटूक शब्दों में कहा कि केंद्रीय मंत्री के इस्तीफे से पेपर लीक जैसी समस्याओं को नहीं रोका जा सकता है। उन्होंने इसके पीछे के कड़वे सच को उजागर करते हुए कहा, “पेपर लीक जैसी घटनाओं के पीछे एक पूरा संगठित सिस्टम काम करता है। इसमें निचले स्तर से लेकर ऊपर तक के अधिकारी और कर्मचारी सीधे तौर पर शामिल होते हैं।” पूर्व सांसद ने आगे कहा कि कोई भी मंत्री हर परीक्षा केंद्र या विभाग के हर कोने में खुद जाकर रखवाली नहीं कर सकता है।

दोषियों पर गाज गिरना जरूरी
सिस्टम की कमियों पर चोट करने के साथ ही बृजभूषण शरण सिंह ने सख्त कार्रवाई की भी वकालत की। उन्होंने कहा कि इस पूरे नेक्सस (सांठगांठ) को तोड़ना जरूरी है और जो भी अधिकारी, कर्मचारी या बाहरी तत्व इस महापाप में शामिल हैं, उन दोषियों पर कड़ी से कड़ी गाज गिरनी बेहद जरूरी है। गौरतलब है कि देश में नीट परीक्षा के नतीजों और पेपर लीक के दावों को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं, ऐसे में बृजभूषण शरण सिंह का यह बयान सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ गया है।

PM मोदी के ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर ये क्या बोलें कांग्रेस सांसद Imran Masood, सुनिए पूरा बयान?

शेयर करना
Exit mobile version