कोलकाता/आसनसोल : पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) में वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी और पाला बदलने की अटकलों के बीच, आसनसोल से पार्टी के सांसद और बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक गलियारों में यह अफवाह तेजी से तैर रही थी कि टीएमसी के आंतरिक संकट को देखते हुए ‘शॉटगन’ शत्रुघ्न सिन्हा एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में घर वापसी कर सकते हैं। इन सभी कयासों और खबरों पर पूरी तरह विराम लगाते हुए सांसद ने ममता बनर्जी और टीएमसी के प्रति अपनी अटूट निष्ठा जाहिर की है।

शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने आधिकारिक बयान में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “ममता जी ने एक बार फिर खुद को एक स्ट्रीट फाइटर और लोगों से सीधे जुड़े रहने वाली एक महान लीडर के तौर पर साबित करके दिखाया है। आज भी, तमाम राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद ममता जी के पास लगभग 41% का विशाल वोट शेयर मौजूद है और उन्हें बंगाल की जनता का ज़बरदस्त और अटूट सपोर्ट मिल रहा है।”

अभी पाला बदलने का कोई इरादा नहीं: सिन्हा
पार्टी छोड़ने और पाला बदलने की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने स्पष्ट रूप से कहा, “मैं पूरी मजबूती से ममता जी और तृणमूल कांग्रेस के साथ खड़ा हूँ। मैं ममता जी और टीएमसी के साथ हूँ, और आगे भी उनके साथ ही रहूँगा। अभी मेरा पाला बदलने या किसी दूसरी तरफ (बीजेपी या अन्य दल में) जाने का दूर-दूर तक कोई इरादा नहीं है।”

शत्रुघ्न सिन्हा का यह बयान टीएमसी के लिए एक बड़ी राहत माना जा रहा है, क्योंकि हाल ही में पार्टी के वरिष्ठ नेता कल्याण बनर्जी और अन्य सांसदों के बागी रुख के कारण ममता बनर्जी के नेतृत्व पर सवाल उठ रहे थे। ऐसे नाजुक वक्त में शत्रुघ्न सिन्हा जैसे कद्दावर नेता का खुलकर ममता बनर्जी के पक्ष में आना और 41 फीसदी वोट शेयर का हवाला देकर उनकी लोकप्रियता की तस्दीक करना, विरोधियों के दावों को कमजोर करने का काम करेगा।

कांग्रेस-TMC मर्जर अटकलों पर नकवी ने साधा निशाना, Shatrughan और Sushmita Dev के मुद्दे पर सियासत तेज

शेयर करना
Exit mobile version