वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र से चोरी की एक बेहद हैरान कर देने वाली और अजीबोगरीब वारदात सामने आई है। यहां एक शातिर चोर ने बाइक एजेंसी का शटर और गेट काटकर अंदर प्रवेश किया। चोरी करने आए इस शख्स के बेखौफ अंदाज को देखकर हर कोई दंग है। एजेंसी में दाखिल होने के बाद चोर ने तुरंत भागने की बजाय पूरे 4 घंटे तक वहीं आराम फरमाया। भूख-प्यास मिटाने के लिए उसने शोरूम में रखे फ्रिज से ठंडा पानी निकाला और खुद के लिए बड़े इत्मीनान से कॉफी बनाकर पी।
इतना ही नहीं, बेखौफ चोर ने एजेंसी में मौजूद साउंड बॉक्स को चालू किया, उस पर गाने बजाए और मजे से ‘लूंगी डांस’ भी किया।
शोरूम के अंदर घंटों मौज-मस्ती करने के बाद चोर ने तिजोरी से 4.70 लाख रुपये कैश समेटे और एक ब्रांड न्यू KTM बाइक पर सवार होकर मौके से रफूचक्कर हो गया। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही मंडुवाडीह पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश की जा रही है।



