उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां रास्ते के विवाद और पुरानी रंजिश को लेकर राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष मनमोहन त्रिपाठी के बहनोई के भाई की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान महसो ग्राम पंचायत के पूरब टोला निवासी मनीष पांडेय के रूप में हुई है। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, मनीष पांडेय के परिवार का गांव के ही कुछ लोगों से लंबे समय से रास्ते का विवाद चल रहा था। रविवार की रात इसी मुद्दे को लेकर विवाद और कहासुनी हो गई। इसके बाद दबंगों ने हमला बोलते हुए चारपाई के पाट से मनीष पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। परिजनों द्वारा जिला अस्पताल ले जाए जाने के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही मनीष ने दम तोड़ दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष मनमोहन त्रिपाठी कार्यकर्ताओं के साथ महसो पुलिस चौकी पहुंचे और घेराव कर जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ता दोषी पुलिसकर्मियों के निलंबन और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सीओ के आश्वासन और 1 घंटे के हंगामे के बाद कार्यकर्ता शांत हुए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

चीनी हुई 70 पार.., आम जनता ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कर दी ये मांग

शेयर करना
Exit mobile version