भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बुधवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसदों पर “वंदे मातरम” का अपमान करने का आरोप लगाया। नबीन ने कहा कि भाजपा और देश के लोगों का वंदे मातरम के साथ एक गहरा संबंध है और उन्होंने यह भी दावा किया कि बंगाल के लोग उन नेताओं को वोट नहीं देंगे जो राष्ट्रीय गीत का सम्मान नहीं करते।
बता दें, अपने चुनावी अभियान के दौरान नितिन नबीन ने उत्तर 24 परगना जिले में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, “वंदे मातरम का भाजपा और देश के लोगों के साथ अटूट संबंध है। यह वही टीएमसी सरकार है जिसके सांसदों ने अपनी 150वीं वर्षगांठ पर वंदे मातरम का अपमान किया। ममता बनर्जी और उनके नेताओं ने वंदे मातरम के मूल्य को नहीं समझा।”
नबीन ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल के लोग ऐसे नेताओं को खारिज करेंगे जो वंदे मातरम का सम्मान नहीं करते। “पश्चिम बंगाल में लोग टीएमसी की गुंडागर्दी, अराजकता और भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़कों पर हैं। उन्होंने कहा इस बार 4 मई को भाजपा की सरकार बनेगी।”
बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान कल होगा, जबकि शेष मतदान 29 अप्रैल को होगा। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपनी पार्टी के लिए चौथी बार सत्ता में आने का लक्ष्य लेकर चुनावी मैदान में हैं, जबकि भाजपा ने पिछली बार के मजबूत प्रदर्शन के बाद इस बार राज्य में सरकार बनाने का उद्देश्य रखा है।
इस दौरान, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में विशाल रोड शो किया, जिसमें भारी भीड़ उमड़ी। यह चुनावी मुकाबला हाई-वोल्टेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।



