पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह के दौरान फिरोजपुर कैंट बोर्ड स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और प्रदेश की जनता को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने ऐलान किया कि आज़ादी का यह 80वां दिवस पंजाब की महिलाओं के लिए ‘आर्थिक आज़ादी’ का साल होगा। उन्होंने कहा कि ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत पंजीकृत 74.59 लाख महिलाओं में से 65 लाख से अधिक महिलाओं को सम्मान राशि मिल चुकी है, जिससे पहली बार महिलाओं को अपनी मर्जी से पैसे खर्च करने की स्वतंत्रता मिली है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सरकार की विभिन्न उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में पंजाब देश में 27वें स्थान से पहले नंबर पर पहुंच गया है, जो सरकारी स्कूलों में आए बड़े बदलाव की गवाही देता है। इसके अलावा, राज्य में अब तक 4 लाख बुजुर्ग मुफ्त तीर्थ यात्रा का लाभ उठा चुके हैं। युवाओं के लिए रोजगार का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि पूरी तरह से पारदर्शी तरीके से 69,000 से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं। वहीं, कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देते हुए प्रदेश के 88 प्रतिशत खेतों तक नहर का पानी पहुंचाया गया है, जिससे सिंचाई का रकबा काफी बढ़ा है।

नशे के खिलाफ चल रही जंग का जिक्र करते हुए सीएम मान ने कहा कि जनता के सहयोग से ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत 50,000 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं और हजारों तस्करों को जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार शहीदों के सपनों को पूरा करने और पंजाब को ‘रंगला पंजाब’ बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस दौरान शानदार परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न विभागों की झांकियों ने समारोह की शोभा बढ़ाई।

शेयर करना
Exit mobile version