झारखंड के बोकारो जिले में प्रेम प्रसंग के चलते मोबाइल टावर पर चढ़ने के अजीबोगरीब मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अभी चंद्रपुरा में होमगार्ड जवान के टावर पर चढ़ने का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि गोमिया थाना क्षेत्र में एक लड़की के 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ने से पुलिस और प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए हैं। लड़की की मांग है कि रांची के रहने वाले उसके प्रेमी को तेनुघाट जेल से तुरंत रिहा किया जाए, तभी वह नीचे उतरेगी, वरना वह ऊपर से कूदकर अपनी जान दे देगी।

अपहरण के मामले में जेल में बंद है प्रेमी
मिली जानकारी के अनुसार, बोकारो के गोमिया थाना क्षेत्र के ढेंढे गांव में सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब ललपनिया थाना क्षेत्र के तिलैया गांव की रहने वाली एक लड़की मोबाइल टावर के शीर्ष पर पहुंच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने जब उसे ऊपर देखा तो नीचे उतरने की गुहार लगाई, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह वही युवती है जिसके परिजनों ने पिछले दिनों उसके अपहरण का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवती को रांची से सकुशल बरामद किया था और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमी युवक को गिरफ्तार कर तेनुघाट जेल भेज दिया था। अब लड़की उसी युवक से शादी करने और उसे जेल से तुरंत बाहर निकालने की मांग पर अड़ गई है।

नीचे बिछाया गया जाल, समझाने की कोशिशें जारी
घटना की सूचना मिलते ही ललपनिया और गोमिया थाना की पुलिस टीमें दलबल के साथ मौके पर पहुंच गईं। लड़की को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार लाउडस्पीकर से अपील की जा रही है और समझाने का प्रयास जारी है। किसी भी अनहोनी या लड़की के नीचे कूदने की आशंका को देखते हुए एहतियातन टावर के चारों ओर एक बड़ा सुरक्षा नेट (जाल) बिछा दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि लड़की सुबह से ही टावर पर चढ़ी हुई है और पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों की हर बात को सिरे से खारिज कर रही है। खबर लिखे जाने तक लड़की को नीचे उतारने के प्रयास जारी थे।

Imran Masood का सरकार पर हमला, पेपर लीक और लखनऊ कोचिंग अग्निकांड पर उठाए सवाल

शेयर करना
Exit mobile version