प्रयागराज। सिविल लाइंस स्थित श्रीहनुमत निकेतन मंदिर के विभिन्न दानपात्रों से चढ़ावे की राशि की गिनती के दौरान नौ नकली नोट मिलने का मामला सामने आया है। इनमें 500 रुपये का एक नोट, 200 रुपये के पांच नोट और 100 रुपये के तीन नोट शामिल हैं। बैंक में राशि जमा कराने के दौरान नोटों की पहचान हुई, जिसके बाद जांच एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं।

न्यायालय के निर्देश पर प्रशासन देख रहा प्रबंधन

मंदिर प्रबंधन को लेकर चल रहे विवाद के बाद 20 मार्च 2024 को न्यायालय ने जिलाधिकारी प्रयागराज को मंदिर का रिसीवर नियुक्त किया था। जिलाधिकारी ने यह जिम्मेदारी एडीएम आपूर्ति विजय शर्मा को सौंपी है। वर्ष 2020 से मंदिर में चढ़ावे की राशि और प्रबंधन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके बाद मामला न्यायालय पहुंचा।

तीन माह के दानपात्रों की हुई गिनती

प्रशासन की ओर से अब तक जनवरी, फरवरी और मार्च 2026 के छह दानपात्रों की गिनती कराई गई है। इन दानपात्रों से लगभग 13 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई, जिसे बैंक खाते में जमा कराया गया। राशि की गिनती के दौरान बैंक की मशीन ने नौ नकली नोटों की पहचान की।

NIA ने शुरू की जांच

एडीएम आपूर्ति की रिपोर्ट के बाद राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियों ने नकली नोटों की स्क्रीनिंग भी की है और प्रशासनिक अधिकारियों से आवश्यक जानकारी जुटाई है।

शहर में फिर बढ़ सकता है जाली नोटों का नेटवर्क

प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि दानपात्र में मिले नकली नोट संभवतः किसी व्यक्ति द्वारा अनजाने में चढ़ावे के रूप में डाले गए हों। हालांकि इस घटना ने शहर में जाली नोटों की संभावित गतिविधियों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

दर्ज होगा मुकदमा

मंदिर के नामित रिसीवर और एडीएम आपूर्ति विजय शर्मा ने बताया कि बैंक प्रबंधन की सूचना के बाद मामले से संबंधित जानकारी जांच एजेंसियों को दे दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

चढ़ावे की गिनती के लिए खरीदी जाएगी नई मशीन

मंदिर में बड़ी मात्रा में आने वाले चढ़ावे की गिनती को आसान बनाने के लिए जिला प्रशासन करीब ढाई लाख रुपये की आधुनिक मशीन खरीदेगा। इससे नोटों की गिनती तेजी से हो सकेगी, जबकि सिक्कों की गिनती स्टाफ द्वारा की जाएगी।

गोरखपुर दौरे पर CM योगी, आज करोड़ों की विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास

शेयर करना
Exit mobile version