उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लव मैरिज के बाद एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। बता दे कि जेठवारा थाना इलाके में सोमवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने युवक पर गोलियां चलाईं। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
यह पूरी घटना जेठवारा थाना क्षेत्र के चंदन का पुरवा गांव की है। मृतक की पहचान राजू सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सोमवार रात करीब 10 बजे गांव में था, तभी हमलावरों ने उस पर गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल राजू को अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
लव मैरिज के कारण हत्या
वही जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि राजू सिंह ने कुछ दिन पहले लव मैरिज की थी। शुरुआती जांच में इसी शादी को लेकर चल रही रंजिश को हत्या का कारण माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में चंद्रेश उर्फ पिंटू वर्मा, तेज वर्मा और शगुन वर्मा के खिलाफ केस दर्ज किया है। चंद्रेश मृतक की पत्नी का भाई बताया जा रहा है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
इलाके में दहशत का माहौल
स्थानीय लोगों के अनुसार, राजू सिंह और चंद्रेश वर्मा के परिवारों के बीच उनकी लव मैरिज के बाद से तनाव था। इस विवाद ने आखिरकार जानलेवा रूप ले लिया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही पता चलेगी। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच तेज कर दी है। इस सनसनीखेज घटना के बाद गांव में तनाव है, वहीं पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है।



