Crime News: लखनऊ। राजधानी के पॉश इलाके हजरतगंज से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। 27 साल का कारोबारी, अपना कैफे और रेस्टोरेंट का कारोबार, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के साथ लिव-इन रिलेशनशिप और फिर एक अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर रहस्यमय परिस्थितियों में मौत!
मृतक का नाम शिवा शर्मा है। वह लखनऊ में आंगन कैफे और रेस्टोरेंट कारोबार से जुड़ा था। उसकी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मॉडल बताई जा रही है।
9 अक्टूबर की रात हजरतगंज के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद शिवा की मौत हो गई। लेकिन परिवार इसे हादसा मानने को तैयार नहीं है।
मां का सनसनीखेज आरोप, बेटे को बंधक बनाया, सिगरेट से दागा और फिर चौथी मंजिल से फेंक दिया!
शिवा की मां रंजना शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके बेटे को पिछले कई महीनों से प्रताड़ित किया जा रहा था। उसे पीटा जाता था, बदनाम करने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जाती थी।
मां का दावा है कि बेटे के शरीर पर सिगरेट से जलाने के निशान थे। जबड़ा टूटा था, पसलियों और पैरों में गंभीर चोटें थीं और नाक-कान से खून निकल रहा था।
अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी का भी आरोप!
परिवार का आरोप है कि शिवा को कथित अश्लील वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया जा रहा था। उसे अपनी मर्जी के खिलाफ रिश्ते में बने रहने के लिए मजबूर किया जाता था।
मौत के बाद अस्पतालों के चक्कर, एंबुलेंस छोड़कर भागने का आरोप
मां के मुताबिक उन्हें फोन करके बताया गया कि शिवा का एक्सीडेंट हो गया है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। परिजन लोहिया अस्पताल पहुंचे, लेकिन शिवा वहां नहीं मिला।
बाद में मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के बाहर एंबुलेंस में शिवा मिला। परिवार का आरोप है कि उसके साथ मौजूद ड्राइवर दानिश परिजनों को देखकर वहां से चला गया। एंबुलेंस चालक के हवाले से दावा किया गया है कि घायल शिवा को लेकर करीब तीन घंटे तक अस्पतालों के चक्कर लगाए गए।
इन्फ्लुएंसर गर्लफ्रेंड समेत कई लोगों पर हत्या का मुकदमा
मां की शिकायत पर हजरतगंज पुलिस ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, आदिल, ड्राइवर दानिश और अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा के मुताबिक पुलिस यह जांच कर रही है कि शिवा खुद चौथी मंजिल से गिरा, उसे धक्का दिया गया या मौत की कोई दूसरी वजह थी। तकनीकी और फॉरेंसिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल, आखिर अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर उस रात क्या हुआ था?
क्या शिवा के साथ मौत से पहले मारपीट हुई? उसे अस्पताल पहुंचाने में कथित देरी क्यों हुई? क्या बिल्डिंग के सीसीटीवी कैमरों में घटना का कोई सुराग है? और क्या पोस्टमार्टम रिपोर्ट परिवार के आरोपों की पुष्टि करेगी?
इन सवालों के जवाब पुलिस की जांच से सामने आने बाकी हैं।



