उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के भीतर सुगबुगाहट तेज करने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने सोशल मीडिया पर एक ऐसा क्रिप्टिक पोस्ट शेयर किया है, जिसे सीधे तौर पर उनकी अपनी ही पार्टी यानी बीजेपी पर एक बड़े तंज के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि अपने इस बयान में उन्होंने प्रत्यक्ष रूप से किसी भी नेता का नाम नहीं लिया है, लेकिन उनके इस राजनीतिक इशारे के सियासी गलियारों में तमाम तरह के मायने निकाले जा रहे हैं।
BIG BREAKING | अपनी ही पार्टी पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और सीनियर बीजेपी लीडर कौशल किशोर का तंज।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और BJP नेता कौशल किशोर के एक बयान ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा “गेंद जितनी ऊपर जानी थी चली गई, अब नीचे आ रही है। नीचे आने की स्पीड भी… pic.twitter.com/l99PLMixTn
— भारत समाचार | Bharat Samachar (@bstvlive) September 1, 2026
कौशल किशोर ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “गेंद जितनी ऊपर जानी थी चली गई, अब गेंद नीचे आ रही है।” उन्होंने आगे यह भी जोड़ा कि नीचे आने की स्पीड लगातार बढ़ती जाती है और “गिरने की स्पीड को कोई कम नहीं कर सकता।” उनके इस तीखे और सांकेतिक बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। जानकारों का मानना है कि पार्टी के भीतर चल रही किसी बात या हालिया राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर उन्होंने यह तंज कसा है।
गौरलतब है कि कौशल किशोर खुद बीजेपी के एक कद्दावर नेता हैं और उनकी पत्नी भी पार्टी से मौजूदा विधायक हैं, ऐसे में एक प्रमुख नेता की ओर से इस तरह का बयान आना पार्टी के भीतर अंदरूनी स्थिति को लेकर कई सवाल खड़े करता है। हालांकि इस पोस्ट के सामने आने के बाद से विपक्षी दलों को भी बैठे-बिठाए सरकार पर निशाना साधने का मौका मिल गया है, वहीं बीजेपी के भीतर इस बात की चर्चा है कि आखिर उनके इस बयान का वास्तविक उद्देश्य क्या था।



