कानपुर के लालबंगला बाजार में दहशत फैलाने और पुलिस टीम पर फायरिंग करने के आरोपित यश राजपूत को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने बाजार क्षेत्र में पैदल घुमाया। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य व्यापारियों और स्थानीय लोगों के बीच बने डर को खत्म करना था। इस दौरान आरोपित लोगों से माफी मांगता हुआ नजर आया।
चकेरी थाना प्रभारी अजय मिश्रा ने बताया कि कुछ महीने पहले लालबंगला बाजार में वर्चस्व कायम करने के लिए यश राजपूत ने अपने साथियों के साथ मिलकर फायरिंग की थी और कई बम भी फोड़े थे। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
मंगलवार रात पुलिस ने आरोपित की घेराबंदी की। इस दौरान यश राजपूत ने तमंचे से पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी। हालांकि, इस हमले में एक सिपाही बाल-बाल बच गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह ने बताया कि व्यापारियों और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए आरोपित को बुधवार को बाजारों में करीब दो किलोमीटर तक पैदल घुमाया गया।



