उत्तर प्रदेश के जनपद चंदौली से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां मुगलसराय पुलिस, स्वाट (SWAT) और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने एक बड़े अंतर्राष्ट्रीय साइबर फ्रॉड नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक अवैध कॉल सेंटर पर छापेमारी कर मौके से 5 शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के 3 अन्य सदस्यों को नामजद किया गया है। यह नेटवर्क विदेश में बैठे जापानी नागरिकों, विशेषकर बुजुर्गों को टेक्निकल सपोर्ट देने के नाम पर अपना शिकार बनाता था।

बता दें, जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य कंप्यूटर या सिस्टम में वायरस और खराबी का झांसा देकर जापानी नागरिकों से संपर्क करते थे। इसके बाद उनसे AnyDesk या TeamViewer जैसे रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर डाउनलोड कराकर उनके सिस्टम पर नियंत्रण हासिल कर लेते थे। रिमोट एक्सेस मिलने के बाद आरोपी पीड़ितों के इंटरनेट बैंकिंग क्रेडेंशियल्स में सेंध लगाकर खातों से मोटी रकम उड़ा लेते थे। पुलिस ने मामले की त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के बैंक खाते में मौजूद ₹9 लाख रुपये फ्रीज करा दिए हैं।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर से 19 मॉनिटर, 20 सीपीयू, 3 लैपटॉप, 6 मोबाइल फोन सहित भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा पुलिस टीम गिरोह के मुख्य सरगना (किंगपिन) की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

''हमारी सरकार में बिना भेदभाव विकास'',Gorakhpur में बोले CM Yogi

शेयर करना
Exit mobile version