उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे लाखों प्रतियोगी छात्रों के लिए महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2026 (PET 2026) के लिए अभ्यर्थियों की परीक्षा शहर सूचना पर्ची (Exam City Intimation Slip) जारी कर दी है। जिन अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा के लिए आवेदन किया था, वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in या आयोग के मोबाइल ऐप पर जाकर अपने परीक्षा जिले का विवरण देख सकते हैं।

आयोग के परीक्षा नियंत्रक सुभाष चन्द्र प्रजापति द्वारा जारी सूचना के अनुसार, पीईटी 2026 की लिखित परीक्षा का आयोजन प्रदेश के 60 जनपदों में किया जा रहा है। यह परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 01 नवंबर 2026 को रोजाना दो पालियों में आयोजित की जाएगी। महीने भर से रात-दिन एक कर पढ़ाई में जुटे परीक्षार्थियों के लिए यह बेहद काम की खबर है, जिससे वे अपने सफर और रहने-ठहरने की योजना समय रहते बना सकें।

सिटी स्लिप डाउनलोड करने के लिए अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट के होमपेज पर स्थित ‘Examination’ सेक्शन में जाकर अपनी वांछित जानकारियां दर्ज करनी होंगी।

आयोग ने साफ किया है कि यह केवल परीक्षा शहर की अग्रिम सूचना है, इसे एडमिट कार्ड न समझा जाए। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के लिए मुख्य एडमिट कार्ड पृथक से जारी किए जाएंगे, जिन्हें अभ्यर्थियों को परीक्षा हॉल में साथ ले जाना अनिवार्य होगा। लंबे समय से मेहनत कर रहे युवाओं के लिए अब अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने का समय आ गया है।

SIR पर Akhilesh का बड़ा खुलासा, कागज दिखाते हुए किया चौंकाने वाला दावा!

शेयर करना
Exit mobile version