रूस में वर्क वीजा पर काम कर रहे भारतीय इंजीनियर चंदन गुप्ता की पत्नी स्नेहा गुप्ता ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार लगाई है। स्नेहा ने एक वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया कि मॉस्को में पुलिस उनके पति को रात में हिरासत में लेकर गई और अब उन्हें रिहा नहीं किया जा रहा है।

स्नेहा का कहना है कि उनके पति एक भारतीय कंपनी के जरिए रूस में काम कर रहे हैं और इंजीनियर हैं। वीडियो में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी से मामले में मदद करने और उनके पति को बाहर निकलवाने की अपील की है।

रात में पुलिस के हिरासत में लेने का आरोप

स्नेहा के मुताबिक, उनके पति को मॉस्को में रात करीब 12:30 बजे पुलिस अपने साथ लेकर गई। उन्होंने दावा किया कि उनके पति ने कुछ गलत नहीं किया है और उन्हें परेशान करके फंसाया जा रहा है।

स्नेहा ने वीडियो में कहा कि उन्हें स्थानीय भाषा नहीं आती और उनके साथ उनका 10 साल का बच्चा भी है। ऐसे में वह रूस में खुद को असहाय महसूस कर रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी से उनके पति की मदद करने की अपील की।

रूसी आर्मी में भेजे जाने की जताई आशंका

स्नेहा ने अपने वीडियो में दावा किया कि रूस में लोगों को जबरन रूसी सेना में भेजे जाने की बात सामने आती रही है। उन्होंने आशंका जताई कि उनके पति को भी कहीं सेना में न भेज दिया जाए।

उन्होंने लोगों से अपील की कि उनका वीडियो ज्यादा से ज्यादा शेयर किया जाए, ताकि उनकी गुहार मुख्यमंत्री तक पहुंच सके।

एम्बुलेंस के शीशे तोड़ने का आरोप

वहीं, सूत्रों के मुताबिक चंदन गुप्ता और उनके दोस्त आशीष को 5 सितंबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे मॉस्को के रेड स्क्वायर इलाके में हिरासत में लिया गया। उन पर कथित तौर पर नशे में होने और पास खड़ी एक एम्बुलेंस के शीशे तोड़ने का आरोप है।

फिलहाल दोनों को मॉस्को के बाउमानस्काया पुलिस स्टेशन में हिरासत में रखे जाने की जानकारी सामने आई है।

भारतीय दूतावास ने उठाया मामला

मामले को भारतीय दूतावास ने स्थानीय अधिकारियों के सामने उठाया है। दूतावास की ओर से चंदन गुप्ता को रिहा करने का अनुरोध किए जाने की जानकारी है।

इसके साथ ही दूतावास ने चंदन गुप्ता से मुलाकात के लिए कॉन्सुलर एक्सेस की भी मांग की है। बताया गया है कि दूतावास उनकी पत्नी स्नेहा गुप्ता के संपर्क में है।

फिलहाल इस मामले में रूसी अधिकारियों की ओर से लगाए गए आरोपों और आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति पर नजर बनी हुई है।

UP Weather: बारिश को लेकर मचा हाहाकार...बरेली में शहर में तैर रही नाव तो कहीं  घुटनों तक भरा पानी

शेयर करना
Exit mobile version