चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने मंगलवार को राज्यभर में चल रहे ‘सफाई कैंपेन 2.0’ को 12 सितंबर तक बढ़ाने का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान को जनता से मिल रहे जबरदस्त रिस्पॉन्स और ‘एम-सेवा’ ऐप पर शिकायतों की बाढ़ के चलते आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इस कैंपेन में राज्य की सभी 166 अर्बन लोकल बॉडीज (ULBs) बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं।

मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने जानकारी दी कि अब तक ऐप के जरिए कुल 6,459 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 5,407 यानी 83 प्रतिशत से अधिक शिकायतों का जमीनी स्तर पर समाधान कर दिया गया है। जनता की सक्रिय भागीदारी को संस्थागत रूप देने के लिए सरकार ने 12 सितंबर से शुरू होने वाले आगामी चार शनिवारों पर एनजीओ (NGOs), मार्केट एसोसिएशन, यूथ क्लब, धार्मिक संगठनों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWAs) के सहयोग से चार मेगा सफाई ड्राइव आयोजित करने की भी घोषणा की है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे हफ्ते में केवल दो-तीन घंटे निकालकर पार्कों और मोहल्लों को साफ रखने में सहयोग करें।

सरकार ने कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए सभी शहरों में घर-घर से कचरा उठाने का सिस्टम भी मजबूत किया है। मंत्री ने चेतावनी दी कि जागरूकता अभियानों के बावजूद सार्वजनिक जगहों पर कचरा फेंकने वालों पर सख्त जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने कुराली, खरड़ और नांगल जैसे शहरों का जमीनी दौरा कर सफाई सेवकों की मेहनत की सराहना की और कहा कि बिना जनसहयोग के स्वच्छता के लक्ष्य को हासिल नहीं किया जा सकता।

Atiq के कत्ल वाली पिस्टल बुलंदशहर पहुंची, जिगाना पिस्टल से दूल्हे की 17 राउंड फायरिंग

शेयर करना
Exit mobile version