Chandigarh : पंजाब अब लीक से हटकर नए विचारों और विशिष्ट सोच के दम पर देश के नक्शे पर एक पसंदीदा स्टार्टअप डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। इसी विजन को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज चंडीगढ़ में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान राज्य के 31 होनहार स्टार्टअप्स और उनके संस्थापकों को कुल 1.07 करोड़ रुपये की सीड ग्रांट वितरित की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने एक बड़ा संदेश देते हुए कहा कि सफल उद्यमियों की अगली पीढ़ी न सिर्फ पंजाब की धरती से पैदा होनी चाहिए, बल्कि उन्हें अपनी वैश्विक कंपनियां भी पंजाब के अंदर ही स्थापित करनी चाहिए।
नई नीति के तहत सीड ग्रांट 3 लाख से बढ़कर हुई 5 लाख
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि ‘पंजाब स्टार्टअप और इंडस्ट्रियल पॉलिसी-2026’ के तहत युवाओं को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने ऐतिहासिक बदलाव किए हैं। इसके तहत मिलने वाली सीड ग्रांट की सीमा को 3 लाख रुपये से बढ़ाकर अब 5 लाख रुपये कर दिया गया है। आज वितरित की गई राशि में से नवीन विचारों वाले 7 उत्कृष्ट स्टार्टअप्स को 5-5 लाख रुपये, जबकि 24 अन्य स्टार्टअप्स को 3-3 लाख रुपये की ग्रांट सौंपी गई है। ये स्टार्टअप्स मुख्य रूप से कृषि, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), गवर्नेंस, टेक्नोलॉजी, टेक्सटाइल और मैन्युफैक्चरिंग जैसे भविष्य के महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़े हैं।

‘आप’ भी एक स्टार्टअप विचार की तरह थी – मुख्यमंत्री
पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री मान ने अपनी पार्टी का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, “आम आदमी पार्टी खुद एक विशिष्ट विचार की उपज थी, जो देश में हावी परिवारवाद के खिलाफ खड़ी हुई। कई मायनों में ‘आप’ भी एक स्टार्टअप जैसी थी, जिसने अपनी ईमानदारी की झाड़ू से राजनीतिक व्यवस्था को साफ किया।” उन्होंने कहा कि हमारी सरकार युवाओं को ‘जॉब सीकर’ (नौकरी ढूंढने वाला) नहीं, बल्कि ‘जॉब प्रोवाइडर’ (रोजगार देने वाला) बनाना चाहती है। यह स्टार्टअप्स पंजाब के युवाओं के विदेशों में पलायन करने के रुझान को रोकेंगे और राज्य में हजारों नए रोजगार पैदा करेंगे।
वैश्विक मॉडलों से सीखकर पंजाब में कृषि और फूड-प्रोसेसिंग का कायाकल्प
अपने विदेशी दौरों को याद करते हुए सीएम मान ने दक्षिण कोरिया के ‘पैंगयो टेक्नो वैली’ और नीदरलैंड के ‘वर्ल्ड हॉर्टी सेंटर’ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पंजाब की असली ताकत उसकी कृषि क्षमता है। अब राज्य सरकार एग्री-टेक, फूड प्रोसेसिंग, सुरक्षित खेती और एग्री-लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में वैश्विक स्तर का इनोवेशन इको-सिस्टम तैयार कर रही है। उन्होंने युवा उद्यमियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि फंड की कमी के कारण पंजाब सरकार किसी भी युवा के सपनों को टूटने नहीं देगी और हर मोड़ पर उनके साथ खड़ी रहेगी।


