अमृतसर: गुरु नगरी अमृतसर के थाना बी डिवीजन के अंतर्गत एक बेहद हैरान करने वाला और दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक पिता अपने ही 5 साल के मासूम बेटे का अपहरण कर विदेश फरार हो गया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी पिता सुखदीप सिंह के खिलाफ देशव्यापी लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी करवा दिया है। आरोपी घटना को अंजाम देने के तुरंत बाद अमृतसर से दिल्ली और फिर दिल्ली एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़कर सिंगापुर भागने में कामयाब रहा। एलओसी जारी होने के बाद देश के सभी एयरपोर्ट और सी-पोर्ट (बंदरगाहों) पर अलर्ट भेज दिया गया है, ताकि आरोपी जैसे ही भारत लौटे, उसे तुरंत गिरफ्तार किया जा सके।

यह पूरा मामला पारिवारिक विवाद और धोखे से जुड़ा हुआ है। पीड़िता रमनप्रीत कौर (निवासी भोगपुर, जालंधर) अपने पति सुखदीप सिंह और 5 साल के बेटे के साथ न्यूजीलैंड से अमृतसर में माथा टेकने आई थीं। एक रात होटल के कमरे में आरोपी पति ने रमनप्रीत कौर को दूध में कोई नशीला पदार्थ पिला दिया। जब वह बेहोश हो गई, तो आरोपी सुखदीप सिंह बच्चे को लेकर वहां से रफूचक्कर हो गया। क्रूरता की हद पार करते हुए आरोपी पति ने महिला का पासपोर्ट, जरूरी दस्तावेज और सारे पैसे भी चोरी कर लिए ताकि वह उसका पीछा न कर सके।

ससुराल वालों पर मिलीभगत का आरोप, पीड़िता ने सीएम से लगाई गुहार

होश में आने के बाद पीड़िता को जब इस धोखे का पता चला तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। रमनप्रीत कौर ने अब पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, डीजीपी गौरव यादव और अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर से न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि उसके बेटे के इस अपहरण में उसके ससुराल वाले भी बराबर के साझीदार हैं। उसने मांग की है कि अमृतसर के बी डिवीजन थाने में दर्ज एफआईआर (FIR) में उसके ससुराल के अन्य सदस्यों के नाम भी शामिल किए जाएं।

मामले की जांच कर रहे एएसआई अश्वनी कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस संवेदनशील मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के बयानों और शुरुआती सबूतों के आधार पर अगर ससुराल वालों की संलिप्तता साबित होती है, तो केस में कुछ और लोगों के नाम भी नामजद किए जाएंगे। पुलिस अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बच्चे की सुरक्षित वापसी के लिए कानूनी विकल्पों पर विचार कर रही है।

स्मृति-ऋचा की आंधी में उड़ा पाकिस्तान, पड़ोसी देश को 64 रनों से चटाई धूल

शेयर करना
Exit mobile version