भारत के सबसे बड़े ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट्स में से एक और अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड द्वारा संचालित नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) ने आगामी विंटर शेड्यूल से पहले अपने पब्लिक ट्रांसपोर्ट और ग्राउंड मोबिलिटी नेटवर्क को बड़े पैमाने पर बढ़ा दिया है। विंटर शेड्यूल 25 अक्टूबर 2026 से 27 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगा। यात्रियों को मुंबई, नवी मुंबई, पुणे और पूरे मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में किफायती, सुरक्षित और सुगम यात्रा विकल्प देने के लिए एयरपोर्ट पर बस, टैक्सी, ऑटोरिक्शा, कार रेंटल और एयरपोर्ट शटल जैसी मल्टीमॉडल सुविधाएं शुरू की गई हैं।

बता दें, यात्रियों की सुविधा के लिए महाराष्ट्र स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (MSRTC) 7 अक्टूबर 2026 से अपनी लोकप्रिय ‘ई-शिवाई’ इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू कर रहा है। इसके तहत NMIA से पुणे का किराया ₹450, बोरीवली का ₹210 और दादर ईस्ट का ₹170 तय किया गया है। खास बात यह है कि 12 साल से कम उम्र के बच्चों और नेशनल मोबिलिटी कार्ड (NCMC) का उपयोग कर यात्रा करने वाली महिलाओं को किराए में 50 प्रतिशत की छूट (आधा किराया) मिलेगी। इसके अलावा, चलो बस द्वारा 21 दैनिक सेवाएं, नवी मुंबई म्युनिसिपल ट्रांसपोर्ट (NMMT) के 7 समर्पित एयरपोर्ट रूट (A1 से A7), और ठाणे-नासिक रूट की योजना भी बनाई गई है।

टैक्सी और ऑटो सेवाओं के मोर्चे पर भी यात्रियों को कई बेहतरीन विकल्प मिल रहे हैं। उबर गो, उबर प्रीमियर और उबर ऑटो जैसी कैब सेवाएं छोटी और मध्यम दूरी की यात्रा को आसान बनाएंगी। साथ ही, 10 अक्टूबर से ‘भारत टैक्सी’ अपने 40 वाहनों के बेड़े के साथ परिचालन शुरू करेगी। प्रीपेड टैक्सी और ऑटो रिक्शा बूथ भी बनाए गए हैं। सबसे खास बात यह है कि NMIA और मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA) के बीच यात्रियों के लिए एक मानार्थ (Complementary) प्रति घंटा शटल सेवा भी चलाई जा रही है, जिसे सिटीफ्लो, आर्या और चलो द्वारा ऑपरेट किया जा रहा है।

कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए एयरपोर्ट को पनवेल, तारघर और बामनडोंगरी रेलवे स्टेशनों के साथ-साथ अटल सेतु और सायन-पनवेल हाईवे जैसे प्रमुख सड़क मार्गों से जोड़ा गया है। इलेक्ट्रिक वाहन (EV) इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देने के लिए अदाणी टोटलएनर्जीज गैस (ATGL) के साथ भी काम किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को आधुनिक और विश्व स्तर की सुविधाएं मिल सकें।

BJP के '8' बनेंगे PDA की काट,प्रत्याशियों में रखा सभी जातियों का साथ ! | THE DEBATE |

शेयर करना
Exit mobile version