डेस्क : अडानी पावर के 3,200 MW थर्मल पावर प्रोजेक्ट के शिलान्यास समारोह में जीत अडानी ने असम के विकास और निवेश को लेकर अपना विजन साझा किया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में नॉर्थईस्ट में बड़ा बदलाव देखने को मिला है और असम आर्थिक विकास, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और बड़े प्रोजेक्ट्स के नए पावरहाउस के तौर पर उभर रहा है।
जीत अडानी ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा की कार्यशैली की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी एनर्जी और स्पीड Gen Z जैसी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हर प्रोजेक्ट की प्रोग्रेस, टाइमलाइन और डिलीवरी पर नजर रखते हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले साल राइजिंग नॉर्थईस्ट ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में गौतम अडानी ने अगले 10 वर्षों में नॉर्थईस्ट में ₹1 लाख करोड़ तक निवेश का ऐलान किया था। जीत अडानी के मुताबिक, असम में लगभग ₹80,000 करोड़ के निवेश के साथ काम पहले से चल रहा है। 3,200 MW के इस थर्मल पावर प्रोजेक्ट में करीब ₹48,000 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है। जीत अडानी ने कहा कि यह प्रोजेक्ट आने वाले वर्षों में नॉर्थईस्ट के सबसे बड़े पावर जेनरेशन एसेट्स में शामिल होगा और इससे उद्योगों, कारोबार और घरों तक बिजली की उपलब्धता को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट के निर्माण से हजारों वर्कर, इंजीनियर, टेक्नीशियन, कॉन्ट्रैक्टर और सप्लायर जुड़ेंगे। इससे स्थानीय कारोबार को भी बड़े स्तर पर आर्थिक गतिविधियां मिलेंगी। जीत अडानी ने बताया कि असम में 4 से 5 जॉब ड्राइव पहले ही आयोजित की जा चुकी हैं और करीब 4,500 स्थानीय युवाओं को हायर किया जा चुका है। उनके अनुसार, असम में अडानी ग्रुप के कारोबार करीब 40,000 डायरेक्ट और इनडायरेक्ट जॉब के मौके पैदा करेंगे।
उन्होंने कहा कि असम के लिए अडानी ग्रुप का कमिटमेंट सिर्फ थर्मल पावर तक सीमित नहीं है। राज्य की प्राकृतिक भौगोलिक स्थिति, जल संसाधन, रिन्यूएबल एनर्जी पोटेंशियल और रणनीतिक लोकेशन को देखते हुए आने वाले वर्षों में यहां विकास और निवेश के नए अवसर बनने की उम्मीद है।



