डेस्क : तराली पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट (PSP) को लेकर अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (AGEL) ने 16 नवंबर 2026 को मीडिया स्टेटमेंट जारी कर अपना पक्ष रखा है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि प्रोजेक्ट का कोई भी हिस्सा किसी नोटिफाइड प्रोटेक्टेड एरिया में नहीं आता है और इसमें कोई फॉरेस्ट लैंड भी शामिल नहीं है।
AGEL के मुताबिक, वन भूमि शामिल नहीं होने से संबंधित NOC 23 जनवरी 2024 को प्राप्त हो चुकी थी। इसके अलावा, लैंड यूज और कानूनी जरूरतों से जुड़ी आवश्यक परमिशन और NOC संबंधित अधिकारियों से पहले ही मिल चुकी हैं।
कंपनी ने बताया कि तराली PSP प्रोजेक्ट को 11 फरवरी 2025 को एनवायर्नमेंटल क्लियरेंस (EC) मिला था। इसके बाद महाराष्ट्र पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (MPCB) ने 7 अप्रैल 2025 को प्रोजेक्ट का काम शुरू करने के लिए कंसेंट टू एस्टैब्लिश (CTE) जारी किया। कंपनी का कहना है कि निर्माण कार्य सभी जरूरी अप्रूवल मिलने के बाद ही शुरू किया गया।
वाइल्डलाइफ क्लियरेंस की प्रक्रिया पर भी दिया अपडेट
अदाणी ग्रीन एनर्जी ने अपने बयान में बताया कि एनवायर्नमेंटल क्लियरेंस की अनुपालन प्रक्रिया के तहत वाइल्डलाइफ क्लियरेंस की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। सर्वे और इन्वेस्टिगेशन गतिविधियों के लिए प्रस्ताव जनवरी 2025 में जमा किया गया था, जिसे बाद में स्टेट बोर्ड फॉर वाइल्डलाइफ ने अपनी सिफारिश दी थी।
कंपनी के अनुसार, नेशनल बोर्ड फॉर वाइल्डलाइफ (NBWL) के समक्ष भी प्रोजेक्ट की कुल लागत के लिए क्लियरेंस प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है। फिलहाल इस प्रस्ताव पर वाइल्डलाइफ अथॉरिटीज विचार कर रही हैं।
कानूनी प्रावधानों के पालन का दावा
AGEL के प्रवक्ता ने कहा कि तराली पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट को लागू कानूनी आवश्यकताओं और संबंधित अधिकारियों के निर्देशों का पूरी तरह पालन करते हुए विकसित किया जा रहा है।
कंपनी ने अपने बयान के जरिए प्रोजेक्ट से जुड़े पर्यावरणीय और कानूनी अनुमोदनों की स्थिति स्पष्ट की है। हालांकि, कंपनी के बयान के मुताबिक NBWL से संबंधित प्रस्ताव पर विचार की प्रक्रिया अभी जारी है।



