अहमदाबाद: अदाणी ग्रुप की कंपनी कच्छ कॉपर लिमिटेड (KCL) ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कंपनी को प्रतिष्ठित ‘वेरामार्क एश्योरेंस’ (पहले कॉपर मार्क) सर्टिफिकेशन मिला है। इसके साथ ही कच्छ कॉपर जिम्मेदार कॉपर उत्पादन के लिए इस वैश्विक मान्यता को हासिल करने वाली पहली भारतीय कंपनी बन गई है।
अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड की इकाई कच्छ कॉपर दुनिया के सबसे बड़े सिंगल-लोकेशन कॉपर स्मेल्टर में से एक का संचालन करती है। यह सर्टिफिकेशन कंपनी के पर्यावरण, सामाजिक और प्रशासनिक (ESG) मानकों के स्वतंत्र थर्ड-पार्टी ऑडिट के बाद दिया गया है।
कंपनी ने कॉपर मार्क रिस्पॉन्सिबल प्रोडक्शन फ्रेमवर्क और जॉइंट ड्यू डिलिजेंस स्टैंडर्ड के तहत स्वतंत्र मूल्यांकन सफलतापूर्वक पूरा किया है। यह उपलब्धि जिम्मेदार उत्पादन, पारदर्शिता और टिकाऊ औद्योगिक विकास के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इस उपलब्धि पर अदाणी नेचुरल रिसोर्सेज के CEO और KCL के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. विनय प्रकाश ने कहा कि यह सर्टिफिकेशन टिकाऊ और जिम्मेदार उत्पादन के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि कॉपर वैश्विक स्तर पर इलेक्ट्रिफिकेशन, रिन्यूएबल एनर्जी, आधुनिक परिवहन और इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता जा रहा है। ऐसे में कंपनी पर्यावरण और सामाजिक जिम्मेदारी के वैश्विक मानकों का पालन करते हुए भारत की जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
वेरामार्क एश्योरेंस एक स्वतंत्र वैश्विक फ्रेमवर्क है, जो कॉपर, निकल और जिंक उद्योग में जिम्मेदार उत्पादन को बढ़ावा देता है। इसके तहत समय-समय पर पुनर्मूल्यांकन किया जाता है, ताकि पारदर्शिता, जवाबदेही और उत्पादन प्रक्रियाओं में लगातार सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
इस वैश्विक फ्रेमवर्क को BHP, रियो टिंटो, फ्रीपोर्ट-मैकमोरन, एंटोफगास्टा और ऑरुबिस जैसी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने भी अपनाया है।
यह सर्टिफिकेशन संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) में शामिल लक्ष्य-12 यानी जिम्मेदार खपत और उत्पादन को भी बढ़ावा देता है।
गुजरात के मुंद्रा में स्थित कच्छ कॉपर का स्मेल्टर कॉम्प्लेक्स अत्याधुनिक तकनीक, डिजिटलाइजेशन और उच्च ESG मानकों के आधार पर विकसित किया गया है। कंपनी का उद्देश्य भारत को जरूरी धातुओं के उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ वैश्विक बाजार में जिम्मेदार कॉपर सप्लायर के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है।



