OpenAI अपने AI चैटबॉट ChatGPT के वॉइस फीचर में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। कंपनी 11 दिसंबर से ChatGPT के पुराने Advanced Voice और Standard Voice मोड को बंद कर देगी। इसके बाद यूजर्स को नए Live Voice Mode पर शिफ्ट किया जाएगा। कंपनी का मकसद वॉइस एक्सपीरियंस को पहले से ज्यादा आसान, नेचुरल और बेहतर बनाना है।
OpenAI ने मंगलवार को इस बदलाव की जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल Advanced Voice या Standard Voice इस्तेमाल कर रहे यूजर्स 11 दिसंबर के बाद अपने आप Live Voice Mode पर चले जाएंगे। इसके साथ ही सेटिंग्स के Voice सेक्शन में पुराने दोनों विकल्प दिखाई देना बंद हो जाएंगे।
दरअसल, OpenAI ने जुलाई में अपना नया वॉइस मॉडल GPT-Live पेश किया था। इसे इस तरह तैयार किया गया है कि यूजर्स ChatGPT से बिल्कुल स्वाभाविक तरीके से बातचीत कर सकें। कंपनी के मुताबिक, नए वॉइस मॉडल की शुरुआत के बाद से ChatGPT में Voice Feature का इस्तेमाल लगभग दोगुना हो गया है। वहीं, वॉइस फीचर इस्तेमाल करने वाले लगभग सभी यूजर्स GPT-Live पर आ चुके हैं।
क्यों बंद किए जा रहे हैं पुराने Voice Mode?
OpenAI का कहना है कि पुराने वॉइस मोड बंद करने से कंपनी को अपने पूरे वॉइस एक्सपीरियंस को एक प्लेटफॉर्म पर लाने और GPT-Live को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। कंपनी पुराने वॉइस मोड इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के फीडबैक के आधार पर नए अनुभव को और बेहतर बनाने की योजना बना रही है।
इसमें जवाबों की गहराई और विस्तार, बातचीत के दौरान निरंतरता और यूजर के हिसाब से पर्सनलाइजेशन जैसे पहलुओं पर खास ध्यान दिया जाएगा।
क्या है Live Voice Mode की खासियत?
GPT-Live की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह एक ही समय में यूजर की बात सुनने और जवाब देने की क्षमता रखता है। यानी यूजर को अपनी बात पूरी करने और मॉडल के जवाब देने के बीच पहले की तरह इंतजार नहीं करना पड़ता। इससे बातचीत ज्यादा तेज और सहज हो जाती है।
इसके अलावा, बातचीत के दौरान मॉडल ‘हम्म’ और ‘हां’ जैसे छोटे रिएक्शन भी दे सकता है। जरूरत पड़ने पर तुरंत जवाब दे सकता है या यूजर को सोचने के लिए समय देना हो तो चुप भी रह सकता है।
यह मॉडल OpenAI के एडवांस्ड टेक्स्ट मॉडल से भी जुड़कर काम कर सकता है। इसकी मदद से मुश्किल सवालों और ज्यादा जटिल कामों को भी वॉइस बातचीत के दौरान संभाला जा सकता है।
पुराने Advanced और Standard Voice Mode कैसे काम करते थे?
पुराने Advanced Voice Mode में ऐसा मॉडल इस्तेमाल होता था, जो ऑडियो को प्रोसेस करने और जवाब तैयार करने का काम करता था। हालांकि, जवाब देने से पहले उसे यूजर के बोलना बंद करने का इंतजार करना पड़ता था।
वहीं, Standard Voice Mode में तीन अलग-अलग मॉडल काम करते थे। पहला मॉडल यूजर की आवाज को टेक्स्ट में बदलता था, दूसरा जवाब तैयार करता था और तीसरा उस जवाब को दोबारा आवाज में बदलकर सुनाता था।
क्या पुरानी Voice Chats भी हो जाएंगी बंद?
OpenAI ने साफ किया है कि Advanced Voice और Standard Voice के जरिए की गई पुरानी बातचीत ChatGPT की हिस्ट्री में सुरक्षित रहेगी। पुराने मोड बंद होने के बाद भी यूजर्स उन बातचीत को टेक्स्ट या वॉइस के जरिए आगे जारी रख सकेंगे।
हालांकि, Live Video और Screen Sharing की सुविधा फिलहाल Advanced Voice के जरिए ही उपलब्ध रहेगी। जब तक GPT-Live इन दोनों क्षमताओं को सपोर्ट नहीं करता, तब तक ये सुविधाएं पुराने सिस्टम पर चलती रहेंगी। वहीं, Custom GPTs के साथ वॉइस बातचीत भी 11 दिसंबर तक Advanced Voice का इस्तेमाल करके जारी रहेगी।



