नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में मदिरा प्रेमियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अब शराब खरीदने के लिए ठेकों और दुकानों के बाहर लंबी-लंबी लाइनों में खड़े रहने और धक्के खाने की जरूरत खत्म हो गई है। दिल्ली सरकार के ‘दिल्ली स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन’ (DSIIDC) ने आम जनता की सुविधा के लिए ‘दिल्ली लिकर बुकिंग’ (Delhi Liquor Booking) ऐप लॉन्च कर दिया है। इस डिजिटल पहल के जरिए ग्राहक घर बैठे ही अपना पसंदीदा ब्रांड, मात्रा और दुकान चुन सकते हैं।
इस ऐप का इस्तेमाल बेहद आसान बनाया गया है। यूजर ऐप की सेटिंग में जाकर अपनी पसंद का ब्रांड और मात्रा सेलेक्ट कर सकते हैं और ऑनलाइन पेमेंट का विकल्प चुन सकते हैं। भुगतान सफल होने के बाद ऐप पर एक QR कोड जेनरेट होता है। ग्राहक को DSIIDC के निर्धारित स्टोर पर जाकर सिर्फ यह QR कोड स्कैन कराना होगा और बिना किसी झंझट या कतार के तुरंत बोतल प्राप्त हो जाएगी। हालांकि, आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस ऐप का मतलब होम डिलीवरी बिल्कुल नहीं है, बल्कि ग्राहकों को पिकअप के लिए खुद दुकान तक जाना ही होगा। DSIIDC के दिल्ली में संचालित करीब 200 स्टोर्स पर यह सुविधा मिलेगी।
नियमों और सुरक्षा के लिहाज से आबकारी विभाग ने इसमें कई कड़े प्रावधान किए हैं। ऐप का इस्तेमाल करने के लिए उपभोक्ता की न्यूनतम उम्र 25 वर्ष तय की गई है। इसके अलावा, एक व्यक्ति एक बार में अधिकतम 9 लीटर व्हिस्की और 18 लीटर बीयर ही बुक कर सकता है। भुगतान की गई शराब को 48 घंटे के भीतर स्टोर से रिसीव करना अनिवार्य है। हालांकि, ग्राहकों को यह सुविधा भी दी गई है कि यदि वे आपूर्ति लेने से पहले प्लान बदलते हैं, तो अपनी बुकिंग रद्द कर सकते हैं, लेकिन एक बार सप्लाई प्राप्त करने के बाद सामान वापस नहीं होगा।
गौरतलब है कि दिल्ली से पहले तमिलनाडु में ‘TASMAC’ पोर्टल के जरिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा दी जा रही है, जबकि ओडिशा और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में कुछ अधिकृत विक्रेताओं के माध्यम से होम डिलीवरी की व्यवस्था भी लागू है। दिल्ली में शुरू हुई यह नई ऐप व्यवस्था जहां ग्राहकों का समय बचाएगी, वहीं दुकानों के बाहर लगने वाले अनावश्यक जमावड़े से भी मुक्ति दिलाएगी।



