बॉलीवुड में इन दिनों फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को लेकर खूब चर्चा हो रही है। जहां एक तरफ यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है, वहीं कुछ लोग इसे ‘प्रोपेगेंडा’ फिल्म बता रहे हैं। इस पर अभिनेता और सांसद रवि किशन ने खुलकर अपनी राय रखी है। उन्होंने कहा कि बिना किसी ठोस कारण के किसी फिल्म को प्रोपेगेंडा कहना बिल्कुल सही नहीं है और दर्शकों को ऐसी फिल्मों को सपोर्ट करना चाहिए।
रवि किशन ने की फिल्म की तारीफ
रवि किशन ने हाल ही में एबीपी लाइव से बातचीत में कहा, “धुरंधर आने वाला सिनेमा है, जो एक बड़ा ओपनर बनकर सामने आया है। हालांकि, एक दुखद बात है कि लोग इसे एक्सेप्ट नहीं कर पा रहे हैं, इसीलिए इसे प्रोपेगेंडा कहा जा रहा है। साउथ के सभी लोगों ने इस फिल्म को दिल से स्वीकार किया है और जिस तरह से दोनों पार्ट्स ने इतिहास रच दिया, यह कोई प्रोपेगेंडा नहीं था। एक युवा कश्मीरी पंडित ने आकर अपने दुख और देशभक्ति को बहुत सुंदर तरीके से बयान किया, जिससे एक नए सिनेमा का जन्म हुआ है। इसे प्रोपेगेंडा कहकर अपनी व्यक्तिगत पीड़ा, कुंठा और कमजोरी को छिपाकर दूसरों की सफलता को कमजोर नहीं करना चाहिए। अब यह समय है जागने का, जहां सच्चाई को मनोरंजन में डालना होगा।”
रवि किशन के आने वाले प्रोजेक्ट्स
इसके अलावा, रवि किशन ने कहा कि अगर उन्हें इस फिल्म में काम करने का मौका मिलता, तो वह जरूर करते, लेकिन इस पर उन्हें कोई पछतावा नहीं है। फिल्म की सफलता की बात करें, तो ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने रिलीज के कुछ ही दिनों में 1000 करोड़ का आंकड़ा पार किया है, जो एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इस फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है और इसमें रणवीर सिंह, सारा अर्जुन, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी और संजय दत्त जैसे शानदार कलाकार नजर आए हैं।
वहीं, रवि किशन अपनी वेब सीरीज़ ‘मामला लीगल है’ को लेकर चर्चा में हैं और आने वाले समय में वह मिर्जापुर, नागजिला और अन्य प्रोजेक्ट्स में भी दिखाई देंगे।
रवि किशन के शब्दों में, “फिल्म इंडस्ट्री में नए विचारों और सच्चाई को उजागर करने की जरूरत है, और ‘धुरंधर’ ने यही किया है।”














