मनोरंजन डेस्क : अपनी खास तरह की कहानी और निर्देशन के लिए मशहूर दिग्गज फिल्ममेकर इम्तियाज अली (Imtiaz Ali) इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ की अभूतपूर्व सफलता का जश्न मना रहे हैं। भारत-पाकिस्तान विभाजन (Partition Era) की पृष्ठभूमि पर बनी इस पीरियड ड्रामा फिल्म को दर्शकों का इतना जबरदस्त प्यार मिल रहा है कि बॉक्स ऑफिस पर इसका कलेक्शन घटने के बजाय हर दिन बढ़ता जा रहा है। फिल्म की इस कामयाबी की सबसे बड़ी वजह दर्शकों के बीच इसका बेहतरीन ‘वर्ड ऑफ माउथ’ (पॉजिटिव रिव्यू) माना जा रहा है।
“पहले शुक्रवार से डबल है दूसरे शुक्रवार की कमाई”
समाचार एजेंसी एएनआई (ANI) से खास बातचीत करते हुए डायरेक्टर इम्तियाज अली ने दर्शकों के प्रति अपना आभार जताया। उन्होंने बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों पर हैरानी और खुशी जताते हुए कहा, “पहले जिस दिन फ्राइडे (12 जून) को फिल्म रिलीज हुई थी, और आज एक हफ्ते बाद फिर जो फ्राइडे आया है, उसका कलेक्शन पहले फ्राइडे के मुकाबले शायद डबल (दोगुना) है। यह सब सिर्फ और सिर्फ जनता के प्यार और वर्ड ऑफ माउथ की वजह से मुमकिन हो पाया है। यह मेरे लिए एक ओवरव्हेल्मिंग फीलिंग है। मैं थोड़ा हैरान भी हूं और बेहद खुश भी।”
इंडस्ट्री से मिला साथ: रानी मुखर्जी और आयुष्मान खुराना हुए मुरीद
इम्तियाज अली ने बताया कि इस फिल्म की सफलता से सिर्फ आम जनता ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड के दिग्गज सितारे और डायरेक्टर्स भी बेहद खुश हैं। उन्होंने बताया, “फिल्म रिलीज होने के बाद रानी मुखर्जी, दीया मिर्जा और शेखर कपूर जैसे बड़े कलाकारों ने मुझे कॉल और मैसेज कर हिम्मत दी और बधाई दी। शेखर कपूर ने मुझसे कहा कि जिसने भी यह फिल्म देखी है, उसने इसमें एक भी कमी नहीं निकाली, सब तारीफ कर रहे हैं। सुभाष घई साहब ने भी मुझे बहुत मोटिवेट किया।”
इसके अलावा, आयुष्मान खुराना के जेस्चर की तारीफ करते हुए इम्तियाज ने कहा, “आयुष्मान खुराना ने इतने प्यार से हमारी फिल्म का गाना गाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिससे मेरा दिल छू गया। यही फिल्म इंडस्ट्री की सच्ची दोस्ती और प्यार को दिखाता है।”
दिल्ली के सिनेमाघरों में इम्तियाज अली का सरप्राइज विजिट
अपनी फिल्म को मिल रहे लाइव रिस्पॉन्स को देखने के लिए इम्तियाज अली शुक्रवार को बिना किसी पूर्व सूचना के देश की राजधानी दिल्ली के कई थिएटर्स पहुंचे। सिनेमाघरों में अचानक अपने पसंदीदा डायरेक्टर को अपने बीच पाकर दर्शक और फैंस बेहद खुश और उत्साहित नजर आए। इम्तियाज ने खुद दर्शकों के साथ बैठकर फिल्म देखी और थिएटर से बाहर निकल रहे लोगों से फिल्म का लाइव फीडबैक भी लिया।
आपको बता दें कि बिड़ला स्टूडियोज, अप्लॉज एंटरटेनमेंट, मोहित चौधरी, शिबाशीष सरकार और विंडो सीट फिल्म्स के बैनर तले बनी यह मल्टीस्टारर फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना और शरवरी जैसे दमदार कलाकारों ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।















