मुंबई: मुंबई की धारावी पुनर्विकास परियोजना (Dharavi Redevelopment Project) को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी (SRA) के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) डॉ. महेंद्र पी. कल्याणकर ने हाल ही में परियोजना की प्रगति और भविष्य के विजन पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है।
#WATCH | Mumbai | Chief Executive Officer (CEO) of the Slum Rehabilitation Authority (SRA) in Mumbai, Dr. Mahendra P. Kalyankar says, “The Dharavi project for skill development of the residents will also be undertaken. The Dharavi Experience Center will be established before 15th… pic.twitter.com/4pxW9kjhlw
— ANI (@ANI) May 22, 2026
‘धारावी एक्सपीरियंस सेंटर’ की तैयारी
डॉ. कल्याणकर ने बताया कि इस बड़े पुनर्विकास कार्य में निवासियों का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में ‘धारावी एक्सपीरियंस सेंटर’ का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है और इसे 15 अगस्त से पहले पूरा कर लिया जाएगा। यह सेंटर परियोजना के स्वरूप और भविष्य में मिलने वाली सुविधाओं को प्रदर्शित करने का एक अहम माध्यम बनेगा।
स्किल डेवलपमेंट और मास्टर प्लान पर जोर
परियोजना के तकनीकी पहलुओं पर बात करते हुए डॉ. कल्याणकर ने स्पष्ट किया कि मास्टर प्लान पूरी तरह से तैयार है और धरातल पर काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा, “धारावी में रहने वाले लोगों के कौशल विकास (Skill Development) के लिए एक विशेष प्रोजेक्ट भी जल्द शुरू किया जाएगा, ताकि पुनर्विकास के साथ ही वहां के निवासियों को बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें”।
2047 के लक्ष्य की ओर कदम
डॉ. कल्याणकर ने अंत में विश्वास जताते हुए कहा कि यह परियोजना महज निर्माण कार्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक बड़े लक्ष्य का हिस्सा है। उन्होंने कहा, “2047 तक एक विकसित महाराष्ट्र और एक विकसित भारत (Viksit Bharat) के सपने को साकार करने की दिशा में हम पूरी गति के साथ आगे बढ़ रहे हैं”।



