बलिया। वैवाहिक समारोह से दादा के साथ बाइक पर घर लौट रही सात वर्षीय मासूम बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म की वीभत्स वारदात को अंजाम देने के मामले में बांसडीह रोड पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने फरार आरोपी 29 वर्षीय चंदन कुमार साह निवासी गायघाट को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त बाइक भी पुलिस द्वारा बरामद कर सीज कर दी गई है।

वैवाहिक कार्यक्रम से लौटते समय हुई वारदात

पीड़िता के दादा ने पुलिस को बताया कि मनियर क्षेत्र के एक गाँव स्थित उनकी बेटी के घर वैवाहिक कार्यक्रम था। इसमें पोती सहित पूरा परिवार बांसडीह रोड क्षेत्र स्थित अपने गाँव से सोमवार को ही शामिल होने चला गया था, जबकि वे स्वयं बुधवार को वहाँ पहुँचे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद गुरुवार को परिवार के अन्य सदस्य अलग साधन से घर के लिए रवाना हुए, जबकि पोती अपने दादा के साथ बाइक पर शाम को घर के लिए निकली। रास्ते में साढ़े सात बजे के लगभग जैसे ही वे बांसडीह रोड तिराहे के समीप कोल्ड स्टोर के पास पहुँचे, दादा सड़क किनारे लघुशंका के लिए रुक गए।

बच्ची के शोर मचाने के बावजूद फरार हो गया आरोपी

इसी दौरान आरोपी चंदन कुमार साह उधर से गुजरा और मासूम बच्ची को अकेला पाकर उसे जबरदस्ती अपनी बाइक पर बैठाने लगा। बच्ची के शोर मचाने पर दादा उसकी ओर दौड़े, लेकिन आरोपी बच्ची को बाइक पर बैठाकर तेज़ी से फरार हो गया। दादा ने पैदल ही बाइक का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। आसपास शिवपुराण की कथा चल रही थी, जिसके कारण शोर मचाने का भी कोई लाभ नहीं हुआ। इसके तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई। कई टीमों के सक्रिय होने के बाद रात करीब 11 बजे घटनास्थल से लगभग 10 किलोमीटर दूर रोहुआ चौकी क्षेत्र से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया।

ऐसे पकड़ा गया आरोपी

पुलिस पूछताछ के दौरान दादा ने बताया कि बाइक का पीछा करते समय उन्होंने आरोपी की बाइक का नंबर नोट कर लिया था और उसका हुलिया भी स्मृति में रख लिया था। इस अहम सुराग के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और वहाँ से गुज़र रही संदिग्ध बाइक की पहचान कर आरोपी तक पहुँचने में सफलता प्राप्त की।

मेडिकल रिपोर्ट के बाद बढ़ाई गईं दुष्कर्म और पॉक्सो की धाराएं

अगले दिन 12 जून को पीड़िता के पिता द्वारा दी गई तहरीर पर पुलिस ने तत्काल अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया। हालाँकि, किशोरी के न्यायालय में दर्ज कराए गए बयान और मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर मामले में दुष्कर्म (धारा 65(2) बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएँ और बढ़ा दी गई हैं। थाना प्रभारी वंशबहादुर सिंह ने बताया कि शनिवार को मुखबिर से आरोपी की लोकेशन की सटीक सूचना मिलते ही गठित पुलिस टीम ने ढेलहवा बाबा से दुबहड़ जाने वाले मार्ग के पास से उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को दादा के समक्ष लाया गया, जहाँ उन्होंने उसकी शिनाख्त की पुष्टि कर दी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की गहन जाँच में जुटी हुई है।

राम मंदिर में करोड़ों की चोरी के खुलासे पर... SIT का गठन... 15 दिन में खुल जाएंगे बड़े राज...!

शेयर करना
Exit mobile version