दक्षिण अफ्रीका के गौतेंग प्रांत के वेडेला टाउनशिप में शनिवार रात एक बार में अंधाधुंध गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस हमले में 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हुए हैं। वारदात जोहान्सबर्ग के दक्षिण-पश्चिमी इलाके में रात करीब 9:30 बजे हुई।
AK-47 और पिस्तौल से लैस थे हमलावर
दक्षिण अफ्रीकी पुलिस सेवा (SAPS) के मुताबिक, हमलावर कथित तौर पर AK-47 राइफल और पिस्तौल से लैस थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने पहले बार के बाहर बैठकर शराब पी रहे लोगों को निशाना बनाकर फायरिंग की। इसके बाद वे बार के अंदर घुसे और वहां भी गोलियां चलाते रहे।
मौके पर 17 लोगों की मौत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और इमरजेंसी मेडिकल सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं। मेडिकल टीम ने घटनास्थल पर ही 17 लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में 13 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं। गोलीबारी में घायल 15 लोगों को इलाज के लिए अलग-अलग चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है।
हमलावरों की तलाश में मैनहंट
फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने संदिग्ध हमलावरों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बार को निशाना बनाने के पीछे क्या मकसद था। अधिकारियों के मुताबिक, गोलीबारी के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और मामले की जांच जारी है।



