नागोया। एशियन गेम्स 2026 में भारत को एक और गोल्ड मेडल मिला है। यह स्वर्ण पदक भारतीय महिला कबड्डी टीम ने दिलाया है। फाइनल मुकाबले में भारत ने ईरान को 37-34 के अंतर से हराया। यह एशियन गेम्स में भारत का तीसरा स्वर्ण पदक है।
कैसे बना मुकाबला रोमांचक?
भारत ने इस मैच में पहले हाफ में ही 22-16 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली थी। इसके बाद ईरान की टीम ने दूसरे हाफ में जबरदस्त वापसी की। एक समय स्कोर 27-26 तक पहुंच गया था, जिससे मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया। लेकिन भारत की बेटियों ने अपनी लीड नहीं जाने दी और दमदार वापसी करते हुए देश के लिए स्वर्ण पदक जीत लिया। फाइनल मैच में संजू देवी ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने शानदार रेड कर भारत को जीत दिलाई।
भारत का शानदार सफर
भारत को शुरुआत से ही गोल्ड मेडल जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। टीम इंडिया ने अब तक अजेय रहते हुए सभी मैच जीते थे। भारत ने अपने अभियान की शुरुआत बांग्लादेश पर 42-21 की जीत के साथ की थी, जिसके बाद ईरान को 37-23 से हराया। इसके बाद जापान पर 50-25 से शानदार जीत हासिल की और ग्रुप-ए में टॉप पर रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में भारत ने नेपाल को 48-24 के अंतर से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद फाइनल में ईरान को 37-34 के अंतर से हराया।
भारत को गोल्ड दिलाने वाली टीम
पुष्पा राणा (कप्तान), रितु नेगी, ज्योति ठाकुर, पूजा हथवाला, सोनाली विष्णु शिंगटे, मनीषा कुमारी, पिंकी रॉय, रितु श्योराण, भावना देवी ठाकुर, निकिता, राज रानी और संजू देवी।
कबड्डी में भारत का दबदबा
कबड्डी में भारत का दबदबा जारी है। इस खेल को 1990 में एशियाई खेलों में शामिल किए जाने के बाद से भारतीय पुरुष टीम ने 9 पदक जीते हैं, जिनमें 8 स्वर्ण पदक शामिल हैं। 2018 में भारत का स्वर्ण जीतने का सिलसिला टूटा था, जब टीम को कांस्य पदक मिला था।



