साउथ सुपरस्टार यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक’ के प्री-रिलीज इवेंट के दौरान बड़ा हादसा हो गया। हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रम में स्पीकर स्टैंड गिरने से कुछ फैंस घायल हो गए।

यह इवेंट हैदराबाद के मेडचल-मलकाजगिरी जिले स्थित मल्ला रेड्डी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में आयोजित किया गया था। फिल्म की पूरी टीम के साथ बड़ी संख्या में यश के फैंस भी कार्यक्रम में पहुंचे थे।

स्पीकर स्टैंड पर चढ़े थे फैंस

पुलिस के मुताबिक, कुछ फैंस स्पीकर स्टैंड पर चढ़कर बैठे थे। बताया जा रहा है कि कुछ लोग वहां स्टंट भी कर रहे थे, तभी अचानक स्टैंड का संतुलन बिगड़ गया और वह गिर गया।

हादसे में ऊंचाई से गिरने के कारण कुछ लोग घायल हुए, जिनमें से दो घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

यश ने तुरंत रुकवाया इवेंट

हादसे के समय यश स्टेज पर मौजूद थे और अपनी बात रख रहे थे। जैसे ही स्पीकर स्टैंड गिरा, उन्होंने कार्यक्रम रोक दिया और आयोजकों से सबसे पहले घायल फैंस की मदद करने को कहा।

यश ने तुरंत पूछा, “क्या वे ठीक हैं? जाकर चेक करें।” इसके बाद घायलों की स्थिति की जानकारी ली गई। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

26 अगस्त को रिलीज होगी फिल्म ‘टॉक्सिक’

यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। फिल्म की कहानी एक गैंगस्टर की जिंदगी के इर्द-गिर्द बताई जा रही है, जिसमें प्यार, ताकत, धोखे और बदले की कहानी दिखाई जाएगी।

फिल्म में नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। ‘टॉक्सिक’ 26 अगस्त को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

लखनऊ में योगी का सपा पर वार, बोले- बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाने वाला नहीं बचेगा

शेयर करना
Exit mobile version