इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने देश की राजनीति में एक नया इतिहास रच दिया है। सत्ता संभालने के बाद लगातार 3 साल और 316 दिन तक प्रधानमंत्री पद पर बनी रहने के साथ ही वह इटली के इतिहास में एक ही कार्यकाल में सबसे लंबे समय तक शीर्ष पद पर रहने वाली नेता बन गई हैं। खास बात यह है कि इटली जैसे देश में, जहां सरकारों का बार-बार बदलना आम रहा है, वहां मेलोनी का लगातार सत्ता में टिके रहना उनकी राजनीतिक मजबूती का बड़ा सबूत माना जा रहा है।
150 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
इस उपलब्धि के साथ मेलोनी ने पूर्व प्रधानमंत्री जियोवानी लांजा को पीछे छोड़ दिया है। लांजा 14 दिसंबर 1869 से 10 जुलाई 1873 तक प्रधानमंत्री रहे थे और उनका एकल कार्यकाल 3 साल 208 दिन का था। मेलोनी ने यह रिकॉर्ड 3 साल 316 दिन के साथ तोड़ दिया है। युद्धोत्तर इटली में एक ही कार्यकाल में लंबे समय तक सत्ता में रहने वालों में अब मेलोनी पहले, मैटेओ रेंजी 2 साल 294 दिन के साथ दूसरे और ज्यूसेपे जानार्देली 2 साल 261 दिन के साथ तीसरे स्थान पर आ गए हैं।
बर्लुस्कोनी का रिकॉर्ड अब भी सबसे अलग
हालांकि, कुल मिलाकर युद्धोत्तर इटली में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड अब भी पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी के नाम ही है। उन्होंने चार अलग-अलग कार्यकालों में करीब 9 साल तक देश की सत्ता संभाली थी। लेकिन एक साथ लगातार सरकार चलाने के मामले में मेलोनी अब सबसे आगे हैं।
स्थिरता की नई मिसाल बनीं मेलोनी
मेलोनी की यह उपलब्धि इटली की राजनीति में उनकी पकड़ और सरकार की स्थिरता को दर्शाती है। वह न केवल इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री हैं, बल्कि अब देश के राजनीतिक इतिहास में स्थिरता की नई प्रतीक भी बन गई हैं। उनके समर्थक इसे बड़ी जीत बता रहे हैं, जबकि विपक्ष के लिए आगामी चुनावों से पहले यह एक बड़ी चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।



