उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की बदलती छवि और तीव्र विकास यात्रा पर बड़ा बयान दिया है। विपक्षी सरकारों पर करारा हमला बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले जिस राज्य में कट्टे और अवैध बम बनते थे, उसी उत्तर प्रदेश में आज रक्षा क्षेत्र का गौरव यानी ‘ब्रह्मोस मिसाइल’ (BrahMos Missile) का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकलकर तीव्र गति से देश की अग्रिम अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।
कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा शासनकाल में राज्य में माफियाओं का वर्चस्व हुआ करता था और व्यापारी व आम जनता खौफ में जीने को मजबूर थी। लेकिन आज उत्तर प्रदेश में सुरक्षा की कोई समस्या नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज यूपी में दंगे नहीं होते, बल्कि दंगा-रोधी मॉकड्रिल होती है। माफिया-राज के खात्मे के बाद अब राज्य में पूरी तरह सुरक्षित माहौल कायम हुआ है, जिससे निवेशकों का भरोसा अभूतपूर्व रूप से बढ़ा है।
प्रदेश के आर्थिक और औद्योगिक परिदृश्य पर प्रकाश डालते हुए सीएम योगी ने बताया कि आज यूपी के पास देश का सबसे बड़ा लैंड बैंक उपलब्ध है और राज्य में 96 लाख से अधिक एमएसएमई (MSME) इकाइयां कार्यरत हैं। उन्होंने दावा किया कि 2017 से पहले इंफ्रास्ट्रक्चर की कोई चर्चा नहीं होती थी, जबकि आज हर क्षेत्र में निवेश के प्रस्ताव आ रहे हैं और अब तक 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। सीएम ने दोहराया कि राज्य आज हर सेक्टर में प्रगति के नए कीर्तिमान गढ़ रहा है।



