उत्तराखंड की राजनीति में अक्सर तीखी बयानबाजी देखने को मिलती है, लेकिन चमोली में आयोजित मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम ने एक अलग ही सियासी तस्वीर पेश की। यहाँ बदरीनाथ से कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला का मुख्यमंत्री की मंच से खुलकर तारीफ करना चर्चा का विषय बना हुआ है।
विकास पर विपक्ष की मुहर
आमतौर पर विपक्ष सत्ताधारी दल पर भेदभाव का आरोप लगाता है, लेकिन विधायक लखपत बुटोला ने इन दावों से इतर जाकर कहा कि उनकी विधानसभा में सबसे ज्यादा विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके क्षेत्र के विकास में सीएम ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। सार्वजनिक मंच से विपक्ष के विधायक का यह बयान राजनीतिक गलियारों में बड़े बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
विकास कार्यों की बौछार
मुख्यमंत्री धामी ने इस दौरान चमोली जिले के लिए 155.36 करोड़ रुपये की 63 विकास परियोजनाओं का तोहफा दिया। इसमें 113.99 करोड़ रुपये की 36 योजनाओं का शिलान्यास और 41.37 करोड़ रुपये की 27 योजनाओं का लोकार्पण शामिल रहा। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पर्यटन और खेल से जुड़ी ये परियोजनाएं चमोली के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी।
भारी जनसमर्थन
गोपेश्वर के पुलिस मैदान में आयोजित इस सभा में सुबह से ही लोगों का तांता लगा रहा। मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान पूरा मैदान खचाखच भरा हुआ था। भारी भीड़ और विधायक के सकारात्मक रुख ने इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया है। राजनीतिक विश्लेषक इसे विकास के मुद्दे पर सत्ता-विपक्ष के एक नए तालमेल की शुरुआत मान रहे हैं। अब देखना यह होगा कि विधायक का यह बयान आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में क्या रंग लाता है।



