गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 13 वर्षीय छात्र आर्य वर्धन के परिवार से मिलने भाजपा नेता ओंकार सिंह श्रीनेत के घर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं जताईं। आर्य वर्धन की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

दरअसल, भाजपा नेता ओंकार सिंह श्रीनेत के 13 वर्षीय बेटे आर्य वर्धन की बीते दिन सड़क हादसे में मौत हो गई थी। जानकारी के मुताबिक, आर्य वर्धन अपनी बहन को लेने के लिए स्कूटी से जा रहा था। उसकी बहन ट्यूशन पढ़ने गई थी। इसी दौरान गोरखपुर के एम्स थाना क्षेत्र के झारखंडी और कूड़ाघाट इलाके में वह जेसीबी की चपेट में आ गया। हादसे में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद घायल आर्य वर्धन को इलाज के लिए एम्स गोरखपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते घर पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे परिवार में कोहराम मच गया।

अखिलेश यादव के रोड शो से लौट रही जेसीबी पर परिवार ने लगाए आरोप

हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया था कि अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल होने के बाद लौट रही तेज रफ्तार जेसीबी की चपेट में आने से आर्य वर्धन की जान गई। घटना से नाराज परिजन सड़क पर बैठकर धरने पर उतर आए थे। परिवार की मांग थी कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें न्याय मिले।

मौके पर पहुंचे थे प्रशासनिक अधिकारी

घटना की गंभीरता और मौके पर बढ़ते तनाव को देखते हुए जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और एसपी सिटी समेत पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से बातचीत कर उन्हें समझाने और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया था।

मृतक आर्य वर्धन के पिता ओंकार सिंह श्रीनेत भाजपा के जिला सह-संयोजक हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके घर पहुंचकर परिवार से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस हादसे के बाद परिवार की ओर से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग उठाई गई है।

Gorakhpur में CM Yogi की जनचौपाल, सपा पर साधा निशाना, बोले- सपा अराजक और गुंडा पार्टी

शेयर करना
Exit mobile version