टेक न्यूज़ : गूगल ने अपने लोकप्रिय गूगल ट्रांसलेट ऐप में एक बड़ा और धमाकेदार अपग्रेड जारी किया है, जिससे एंड्रॉयड और आईओएस (iOS) यूजर्स के लिए रियल-टाइम, टू-वे बातचीत और ऑन-स्क्रीन टेक्स्ट ट्रांसलेशन का अनुभव पूरी तरह बदल जाएगा। कंपनी के मुताबिक, इस नए अपडेट का मकसद अलग-अलग भाषाओं में संवाद को बेहद आसान बनाना है। खास बात यह है कि अब लाइव ट्रांसलेट फीचर हिंदी, अरबी, फ्रेंच, कोरियन, स्पैनिश और तमिल समेत दुनिया भर की 70 से ज्यादा भाषाओं को सपोर्ट करता है।
इस अपडेट का सबसे बड़ा आकर्षण जेमिनी-पावर्ड स्पीच इंटेलिजेंस है। गूगल का कहना है कि इसका एडवांस्ड स्पीच रिकग्निशन और मल्टीमॉडल जेमिनी मॉडल कैफे और एयरपोर्ट जैसे अत्यधिक शोर-शराबे वाले माहौल में भी बैकग्राउंड नॉइज को आसानी से अलग कर सकता है। इसके अलावा, यह बोलने के लहजे (एक्सेंट), उतार-चढ़ाव (इंटोनेशन) और बातचीत के दौरान आने वाले ठहराव (पॉज) को भी सटीक रूप से पहचान सकता है। ऐप यूजर्स के बोलते ही एक्टिव भाषा को ऑटोमैटिकली डिटेक्ट कर लेता है।
यूजर्स की सुविधा के लिए इसमें डुअल-लैंग्वेज ट्रांसक्रिप्ट की सुविधा भी दी गई है, जिससे बातचीत को विजुअली और ऑडियो दोनों तरह से फॉलो किया जा सकता है। एंड्रॉयड यूजर्स अब फोन की स्क्रीन लॉक होने पर भी बैकग्राउंड में लाइव ट्रांसलेट का उपयोग कर सकेंगे, जबकि आईओएस यूजर्स के लिए यह सुविधा जल्द आने वाली है। इसके अलावा, भाषा सीखने वालों के लिए एक नया कम्पेनियन फीचर भी जोड़ा गया है जो कस्टमाइज्ड प्रैक्टिस सेशनत तैयार करता है।



