गाजियाबाद में फ्लैट बायर्स से करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिल्डर संदीप गुप्ता ने बायर्स से 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम लेकर धोखाधड़ी की और अब फरार चल रहा है। मामले में ASR रियलटेक कंपनी से जुड़े फर्जी खाते के जरिए रकम लेने का आरोप लगाया गया है।
ASR रियलटेक से मिलते-जुलते नाम से एक बोगस बैंक खाता खुलवाया था
जानकारी के मुताबिक, बिल्डर ने ASR रियलटेक से मिलते-जुलते नाम से एक बोगस बैंक खाता खुलवाया था। इसी खाते में फ्लैट खरीदारों से पूरी रकम जमा कराई गई। आरोप है कि जब बायर्स ने अपने फ्लैट और पैसों को लेकर जानकारी मांगी तो मामला सामने आया कि जिस खाते में रकम जमा कराई गई थी, उसे अब खुद बिल्डर ही फ्रॉड बता रहा है।
केस दर्ज होने के बाद भी अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी
इस पूरे मामले में मेसर्स राइट अर्थ इंफ्रा कंपनी की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। आरोप है कि संदीप गुप्ता और वरुण मक्कड़ ने मिलकर बायर्स के साथ यह धोखाधड़ी की। पीड़ितों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने लंबे समय तक कार्रवाई नहीं की। काफी दबाव के बाद नंदग्राम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। हालांकि, केस दर्ज होने के बाद भी अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पीड़ित बायर्स पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं और मामले में नंदग्राम पुलिस की भूमिका को संदिग्ध बता रहे हैं। अब देखना होगा कि जांच में किन तथ्यों का खुलासा होता है और आरोपियों पर कब तक कार्रवाई होती है।



