फिल्म इंडस्ट्री में रिश्तों का बनना और टूटना एक सामान्य बात बन चुकी है। हाल ही में एक्ट्रेस हंसिका मोटवानी और बिजनेसमैन सोहेल कथूरिया के तलाक ने सुर्खियां बटोरीं। 11 मार्च 2026 को मुंबई के बांद्रा स्थित फैमिली कोर्ट ने इस जोड़े को आपसी सहमति से तलाक दे दिया। हंसिका और सोहेल ने दिसंबर 2022 में एक ग्रैंड वेडिंग की थी, लेकिन जुलाई 2024 से आपसी मतभेदों के चलते वे अलग रह रहे थे। अब कानूनी रूप से उनका तलाक हो चुका है।
तलाक के बाद हंसिका ने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चुप्पी तोड़ी है। हाल ही में उन्होंने हॉटरफ्लाई के साथ एक बातचीत में अपनी स्थिति के बारे में कहा, “मुझे कोई पछतावा नहीं है। अगर आप गलत ट्रेन में चढ़ गए हैं तो उतर जाना बेहतर है बजाय इसके कि आप परेशानी झेलें।” हंसिका ने यह भी कहा कि उन्हें अपने परिवार का पूरा समर्थन मिला है और वह अपनी जिंदगी में पूरी तरह से खुश हैं।
हंसिका ने समाज की अपेक्षाओं पर भी सवाल उठाया, खासकर महिलाओं के लिए तय की गई समयसीमा को लेकर। उन्होंने कहा, “आजकल की लड़कियां इतनी सशक्त और आत्मनिर्भर हैं कि वे वही करती हैं जो उनके लिए सही होता है। समाज हमेशा कहता है कि 25 साल की उम्र में शादी करो, फिर 30 में, फिर 40 में। ये लोग कौन हैं जो महिलाओं पर इस तरह का दबाव डालते हैं?”
हंसिका ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर किसी महिला को शादी या मदरहुड का कोई दबाव महसूस नहीं होता, तो उसे वह न करने का पूरा अधिकार है।



