चेन्नई। अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु ने बुधवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से मुलाकात की। मुलाकात के बाद सामंथा ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए विजय के राजनीतिक सफर और उनके साहस की सराहना की।

सामंथा ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि जब वह चेन्नई पहुंचीं तो उन्हें बेहद खुशी महसूस हुई क्योंकि वह राज्य के मुख्यमंत्री से मिलने जा रही थीं। उन्होंने कहा कि विजय हमेशा से सिर्फ पर्दे के हीरो बनने के लिए नहीं बने थे, बल्कि उनकी ऊर्जा, व्यक्तित्व और लोगों के साथ उनका जुड़ाव यह संकेत देता था कि वह किसी बड़े उद्देश्य के लिए बने हैं।
अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें विजय की सबसे प्रेरणादायक बात यह लगती है कि उन्होंने अपने सफल फिल्मी करियर को पीछे छोड़कर एक नए और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में कदम रखने का साहस दिखाया। उन्होंने लिखा कि बहुत कम लोग जीवन में मिलने वाले ऐसे अवसरों को स्वीकार कर पाते हैं, जहां वे समाज के लिए कुछ बड़ा करने की सोचते हैं।
सामंथा ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री विजय आने वाले समय में उन लोगों को भी चौंका देंगे जो पहले से उन पर भरोसा करते हैं। उन्होंने विजय को शक्ति, बुद्धिमत्ता और अपने लक्ष्य पर अडिग रहने का संदेश देते हुए युवाओं को भी प्रेरणा लेने की सलाह दी।
मुलाकात के दौरान की कई तस्वीरें भी सामंथा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा कीं, जिन्हें फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।
गौरतलब है कि 10 मई को तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला था, जब अभिनेता से राजनेता बने सी. जोसेफ विजय ने राज्य के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उनकी जीत के साथ ही राज्य में DMK और AIADMK के लंबे राजनीतिक वर्चस्व का अंत हुआ और विजय ने इसे “वास्तविक, धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय के नए युग” की शुरुआत बताया था।


