लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। सदन में अपने संबोधन के दौरान सीएम योगी ने कहा कि विधानसभा में जनहित के मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए, लेकिन विपक्ष चर्चा से बच रहा है और हंगामा कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि सपा को लोकतांत्रिक मूल्यों पर विश्वास नहीं है। उन्होंने विपक्ष के आचरण को असंवैधानिक बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा होनी चाहिए।
विपक्ष को चर्चा पर विश्वास नहीं- सीएम
सीएम योगी ने कहा कि विपक्ष को चर्चा पर विश्वास नहीं है, इसलिए वह सदन की कार्यवाही में बाधा डालने का काम करता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा जनता की समस्याओं को उठाने और उनके समाधान के लिए सबसे बड़ा मंच है, लेकिन विपक्ष इस मंच का सही इस्तेमाल नहीं कर रहा है। मुख्यमंत्री के भाषण के दौरान विधानसभा में विपक्ष का हंगामा जारी रहा। विपक्षी विधायकों के लगातार विरोध के चलते सदन का माहौल गर्म रहा। हंगामा बढ़ने के बाद विधानसभा अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
सरकार जनहित से जुड़े हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार
सीएम योगी ने कहा कि सरकार जनहित से जुड़े हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और प्रदेश के विकास एवं जनता की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देती है। उन्होंने विपक्ष से सदन की गरिमा बनाए रखने और सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की।



