गोरखपुर। एम्स गोरखपुर के रेडियोथेरेपी (कैंसर) विभाग में शुक्रवार को “कैंसर सर्वाइवर सेलिब्रेशन मंथ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रेडियोथेरेपी ओपीडी में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य कैंसर को मात देने वालों के साहस को सलाम करना और अन्य मरीजों में उम्मीद जगाना था। यह आयोजन एम्स गोरखपुर की कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ मेजर जनरल डॉ. विभा दत्ता के मार्गदर्शन में हुआ।
कैंसर विजेताओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान कार्यकारी निदेशक डॉ. विभा दत्ता ने सभी कैंसर सर्वाइवर्स को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कैंसर विजेताओं के साहस, धैर्य और सकारात्मक सोच की सराहना की। डॉ. दत्ता ने कहा कि इन विजेताओं की जीवन यात्रा समाज के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। इनका संघर्ष उन मरीजों को आशा और आत्मविश्वास देता है, जो वर्तमान में इस बीमारी से जूझ रहे हैं।

साझा किए अनुभव, गीतों से बंधा समां
सम्मान समारोह के बीच कई कैंसर सर्वाइवर्स ने बीमारी के दौरान अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने अपने संघर्ष और जीत की प्रेरक कहानियां सुनाकर वहां मौजूद लोगों में ऊर्जा का संचार किया। कुछ सर्वाइवर्स ने गीत भी प्रस्तुत किए, जिससे माहौल बेहद भावनात्मक और उत्साहपूर्ण हो गया। इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और अधिक यादगार बना दिया।
सामूहिक सहयोग से कैंसर पर जीत संभव
इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “Together We Fight, Together We Survive” रखी गई थी। इस थीम के जरिए यह संदेश दिया गया कि सामूहिक सहयोग, समय पर जांच, सही इलाज और मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी पर विजय प्राप्त की जा सकती है। इस अवसर पर डॉ. महिमा मित्तल, डॉ. सुबोध कुमार कुशवाहा, डॉ. आनंद हटगांवकर, डॉ. सुधीर श्याम कुशवाहा, डॉ. शशांक शेखर और डॉ. विश्वदीप मिश्रा सहित विभाग के कई अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।


