आगरा। विश्वदाय स्मारक ताजमहल के निकट ताजगंज स्थित धांधूपुरा में शुक्रवार शाम एक थर्माकोल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में विकराल लपटें उठने लगीं और चारों ओर काले धुएं का घना गुबार छा गया, जो सीधे ताजमहल की तरफ बढ़ता दिखा। इसकी वजह से स्मारक पर मौजूद पर्यटकों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों ने पहले अपने स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन जब लपटें बेकाबू होकर ऊपर उठने लगीं तो वे तुरंत बाहर भागे। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आसमान में उठता धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से साफ नजर आ रहा था।
आग की लपटें आसपास की बस्तियों तक पहुंचने की आशंका से स्थानीय निवासी भी अपने घरों से बाहर निकल आए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की तीन दमकलें आग बुझाने के प्रयास में जुटी हैं, हालांकि अभी तक आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है।



