Kainchi Dham Foundation Day Traffic Plan : उत्तराखंड के नैनीताल में भवाली-अल्मोड़ा रोड पर बसा मशहूर कैंची धाम देश-विदेश के करोड़ों भक्तों की आस्था का सबसे बड़ा केंद्र है। इस आश्रम की स्थापना महान संत बाबा नीम करौली महाराज ने साल 1964 में की थी। हर साल 15 जून को कैंची धाम का स्थापना दिवस बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है।
इस मौके पर देश ही नहीं, बल्कि अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा और दूसरे देशों से भी हजारों भक्त बाबा के दर्शन और आशीर्वाद लेने आते हैं। इस बार 13 जून से 16 जून तक कैंची धाम स्थापना दिवस और मेले के दौरान भक्तों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने ट्रैफिक प्लान जारी किया है। यह प्लान अलग-अलग जिलों, राज्यों और रूट से आने वाले भक्तों, टूरिस्ट, बसों, टैक्सियों, दोपहिया वाहनों और भारी मालवाहक वाहनों के लिए है।
नैनीताल के अलग-अलग इलाकों से आने वालों के लिए इंतज़ाम
- रामनगर, कालाढूंगी और नयागांव इलाकों से आने वाले भक्तों को RTO रोड तिराहा और भीमताल मार्ग पर भेजा जाएगा।
- लालकुआं और बरेली रोड से आने वाली गाड़ियों को गोलापार और काठगोदाम की तरफ भेजा जाएगा।
- नैनीताल, ज्योलिकोट, घोड़ा खाल और मुक्तेश्वर इलाके से आने वाली गाड़ियों को मेट्रोपोल पार्किंग, भवाली वगैरह में पार्क किया जाएगा।
बाहरी क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए व्यवस्था
देहरादून, हरिद्वार, दिल्ली-एनसीआर, मुरादाबाद व अन्य बाहरी क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को नयागांव तिराहा, लामाचौड़, शीतल होटल तिराहा, गोलापार, काठगोदाम आदि से डायवर्ट किया जाएगा। इन वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर पार्क कर शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम भेजा जाएगा।
अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से आने वाली गाड़ियों को खैरना पार्किंग में पार्क किया जाएगा और शटल सर्विस से कैंची धाम भेजा जाएगा। हल्द्वानी से आने-जाने वाली गाड़ियों को भीमताल, खुटानी बैंड और नथुवाखान से भेजा जाएगा। 13 जून रात 11 बजे से 14 जून सुबह 6 बजे तक और 14 जून सुबह 11 बजे से 16 जून रात 11 बजे तक भारी मालवाहक गाड़ियों का ऑपरेशन बंद रहेगा। ज़रूरी सर्विस वाली गाड़ियां कुछ समय के लिए परमिशन लेकर चल सकेंगी।
जानें क्या होगा बसों का रूट ?
रोडवेज़ बसें 13 जून को नॉर्मल चलेंगी। 14 जून दोपहर 2 बजे से 16 जून दोपहर 12 बजे तक ज़्यादा भीड़ होने पर बसों को खुटानी बैंड, कवांराब जैसे दूसरे रास्तों से भेजा जाएगा। 13 जून रात 8 बजे से 16 जून शाम 4 बजे तक सभी टैक्सी, बाइक और टू-व्हीलर तय डायवर्जन और पार्किंग के इंतज़ाम के हिसाब से चलेंगी।



