गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा बाल विहार परिसर में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब ‘काकरोच जनता पार्टी’ के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के विरोध में प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन का प्रयास किया। हालाँकि, मौके पर पहुँची पुलिस ने त्वरित हस्तक्षेप कर पुतले को अपने कब्जे में ले लिया और तीन कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर शांति भंग की कार्रवाई शुरू कर दी।

बिना अनुमति प्रदर्शन कर रहे थे कार्यकर्ता

जानकारी के अनुसार, पूर्वाह्न करीब 11 बजे काकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ता हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर इंदिरा बाल विहार परिसर में एकत्र हुए और केंद्रीय मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुतला दहन की तैयारी शुरू कर दी। सूचना मिलते ही कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन पुतला दहन की तैयारी जारी रहने पर पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए पुतला अपने कब्जे में ले लिया।

तीन हिरासत में, बाकी मौके से फरार

पुलिस ने मौके से रजत चौधरी, मोहम्मद अफजल और अंकित कुमार को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया, जबकि पुलिस कार्रवाई के दौरान कुछ अन्य प्रदर्शनकारी मौके से हट गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर बिना अनुमति प्रदर्शन और पुतला दहन करना नियमों के विरुद्ध है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है।

"ग़लत तरीके से एनकाउंटर किया" Kamlesh Bind एनकाउंटर पर Sanjay Nishad ने उठाए सवाल

शेयर करना
Exit mobile version