कानपुर की कल्याणपुर पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान शुभेंदु, राज सिंह और राहुल चौधरी के रूप में हुई है। यह गिरोह केवल कानपुर तक ही सीमित नहीं था, बल्कि इनका नेटवर्क देश के कई राज्यों में फैला हुआ था।

आरोपियों पर 4.43 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने का गंभीर आरोप है। मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित आशीष ने कल्याणपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने छापेमारी के दौरान इनके पास से कई लैपटॉप, महत्वपूर्ण बैंक दस्तावेज और 48 सिम कार्ड बरामद किए हैं।

पूछताछ में एक हैरान करने वाला पहलू सामने आया है। आरोपी राहुल चौधरी ने प्रधानी का चुनाव लड़ा था, जिसमें हार के बाद उस पर 9 लाख रुपये का कर्ज चढ़ गया था। कर्ज उतारने के चक्कर में वह नौकरी की तलाश में कंबोडिया चला गया। वहां उसने ऑनलाइन ठगी का प्रशिक्षण लिया और भारत लौटकर अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को गेमिंग के नाम पर अपना शिकार बनाने लगा।

यह गिरोह बेहद शातिराना तरीके से सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म्स के जरिए लोगों को लुभाता था और फिर उनसे मोटी रकम ऐंठ लेता था। कल्याणपुर पुलिस अब इस मामले के अन्य कनेक्शनों की भी जांच कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।

Mathura Cyber News : जामताड़ा स्टाइल में मथुरा पुलिस का 'Surgical strike', 4 थानों में एक साथ रेड

शेयर करना
Exit mobile version