उत्तर प्रदेश का औद्योगिक शहर कानपुर अपनी बदहाल सफाई व्यवस्था के चलते इन दिनों ‘कचरापुर’ जैसे नामों से चर्चा में आ गया है। शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर, टूटी सड़कें, जलभराव और चोक सीवर से परेशान होकर आखिरकार व्यापारी और आम जनता सड़कों पर उतर आए हैं। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पनकी रोड पर नियमित रूप से कूड़ा न उठाए जाने से खफा व्यापारियों ने कड़ा रुख अपनाते हुए सड़क पर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद नगर निगम के अधिकारी और जनप्रतिनिधि कोई सुध नहीं ले रहे हैं।

हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और गुस्साए व्यापारियों को बमुश्किल समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस द्वारा तत्काल प्रभाव से कूड़ा उठवाने का आश्वासन दिए जाने के बाद जाकर ट्रैफिक जाम खुल सका और आवागमन सुचारू हुआ। इस पूरी स्थिति के लिए शहर की मेयर प्रमिला पांडे और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जनता और व्यापारियों का आरोप है कि भ्रष्टाचार और लापरवाही के चलते शहर की सूरत बिगड़ चुकी है और नेता-अधिकारी सिर्फ फाइलों में विकास दिखा रहे हैं।

कानपुर के कई अन्य इलाकों में भी जलभराव, टूटी सड़कें और नालियों की गंदगी से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि टैक्स देने के बावजूद उन्हें नारकीय जीवन जीने को मजबूर होना पड़ रहा है। अगर समय रहते नगर निगम प्रशासन ने शहर की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया, तो यह जनआंदोलन और भी उग्र रूप ले सकता है, जिससे प्रशासनिक तंत्र की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

Breaking News : पकड़ा गया Swatantra Bhardwaj,दिल्ली पुलिस ने बुलंदशहर से किया गिरफ्तार

शेयर करना
Exit mobile version