सहारनपुर: जिले के कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र स्थित एसबीआई कॉलोनी में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। तिरंगा चौक के पास स्थित एक मकान में लैब टेक्नीशियन और एक युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुँचे और कमरे का दरवाजा तोड़कर शवों को कब्जे में लिया।
क्या है पूरा मामला?
मृतक युवक की पहचान केरल निवासी सैम कमनिश (40) के रूप में हुई है, जो दिल्ली रोड के एक निजी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन था। वहीं, युवती आस्था (23) रसूलपुर पापडेकी की निवासी थी। बताया जा रहा है कि युवक ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था और काफी देर तक कोई हलचल न होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुँची पुलिस ने खिड़की से संदिग्ध स्थिति देखी और दरवाजा तोड़कर भीतर प्रवेश किया।
प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला
फोरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, लैब टेक्नीशियन ने पहले अपनी कलाई की नस काटी और फिर खिड़की से लटककर आत्महत्या की, जबकि युवती की मौत संभवतः जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई है। युवती के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। सीओ द्वितीय मनोज कुमार यादव का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है।



