उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाकर मीडिया के नाम पर चौथ वसूली करने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। खुद को नामचीन न्यूज चैनल का पत्रकार बताकर हाईवे पर अवैध वसूली करने वाले इस ‘वसूली गैंग’ के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस के मुताबिक, यह गैंग मुख्य रूप से पशुओं (मवेशियों) से लदे हुए ट्रकों और अन्य कमर्शियल गाड़ियों को अपना निशाना बनाते थे। ये शातिर अपराधी गाड़ियों को बीच रास्ते में रोककर चालकों पर रौब झाड़ते थे और खुद को प्रतिष्ठित न्यूज चैनल ‘भारत समाचार’ का पत्रकार बताते थे। गाड़ी न छोड़ने और खबर चलाने की धमकी देकर यह गिरोह लंबे समय से वाहन स्वामियों से मोटी रकम वसूली करते थे।

फर्जी प्रेस कार्ड और नगदी बरामद
इस अवैध धंधे की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद उन्नाव की सदर कोतवाली पुलिस ने जाल बिछाया और दबिश देकर तीन आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान प्रशांत, पुष्पेंद्र और आमिर के रूप में हुई है।

पुलिस ने जब आरोपियों की जामा तलाशी ली, तो उनके पास से अवैध वसूली के 8 हजार रुपये नगद और विभिन्न विभागों व फर्जी मीडिया संस्थानों के नाम पर बने 6 कूटरचित (फर्जी) प्रेस कार्ड बरामद हुए। आरोपी इन फर्जी कार्डों का इस्तेमाल पुलिस और जनता की आंखों में धूल झोंकने के लिए करते थे।

सदर कोतवाली पुलिस की सख्त कार्रवाई
उन्नाव पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, अवैध वसूली और फर्जी दस्तावेज तैयार करने की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस गिरोह में कुछ और लोग भी शामिल हैं या नहीं, और इन्होंने अब तक कितने वाहन चालकों को अपनी ठगी और वसूली का शिकार बनाया है।

"पहले  की सरकार में नक़ल  के आधार पर परीक्षा होती थी...", कैबिनेट मंत्री Dara Singh Chauhan का बयान

शेयर करना
Exit mobile version