अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया में शनिवार (28 नवंबर) को भूकंप के तेज झटकों से हड़कंप मच गया। लॉस एंजिल्स में 5.0 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे कई इलाकों में नुकसान हुआ। भूकंप के झटकों से इमारतें हिलने लगीं और दुकानों में रखा सामान नीचे गिर गया। लोग दहशत में घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक किसी की मौत की जानकारी सामने नहीं आई है।
लॉस एंजिल्स एयरपोर्ट को भी पहुंचा नुकसान
भूकंप का असर लॉस एंजिल्स एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला। टर्मिनल-7 में कुछ शीशे टूट गए और छत के कई पैनल नीचे गिर गए। हालांकि, हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन प्रभावित नहीं हुआ। इसके अलावा मैनहट्टन बीच और हर्मोसा बीच के समुद्री तटों पर एहतियातन पियर बंद कर दिए गए।
45 मिनट में चार बार आए आफ्टरशॉक
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप के बाद महज 45 मिनट के भीतर चार बार आफ्टरशॉक महसूस किए गए। झटकों के बाद लॉस एंजिल्स फायरब्रिगेड डिपार्टमेंट ने आपातकालीन भूकंप प्रतिक्रिया व्यवस्था सक्रिय कर दी। शहर के सभी 106 फायरब्रिगेड सेंटर्स से कर्मचारियों को इमारतों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की जांच के लिए तैनात किया गया।
रिफाइनरी में आग लगने का दावा
भूकंप के बाद एक रिफाइनरी में आग लगने का भी दावा किया जा रहा है। वहीं, भूकंप से सुनामी का कोई खतरा नहीं बताया गया है। अधिकारियों ने समुद्री तटों पर एहतियाती कदम उठाए हैं।
12 साल बाद आया इतना शक्तिशाली भूकंप
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने 4.0 या उससे अधिक तीव्रता वाले आफ्टरशॉक की 30 प्रतिशत संभावना जताई थी। इससे पहले लॉस एंजिल्स में वर्ष 2014 में 5.1 तीव्रता का भूकंप आया था। इस लिहाज से शनिवार को आया भूकंप पिछले 12 वर्षों में क्षेत्र के सबसे शक्तिशाली भूकंपों में शामिल रहा। कैलिफोर्निया भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है।



